11वीं के छात्र की मौत : ऑनलाइन शॉपिंग के लिए पैसे के बदले पापा से पड़ी डांट, तो इंजीनियर के बेटे ने लगा ली फांसी, मचा कोहराम

भागलपुर। ऑनलाइन शॉपिंग के लिए पैसे के बदले पापा से मिली डांट तो बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का नाम अंकित है, जो 11वीं में पढ़ाई करता था। अंकित के पिता छविनाथ राम जूनियर इंजीनियर थे, जो भागलपुर के बाढ़ नियंत्रण विभाग में पदस्थ थे। घटना बरारी थाना क्षेत्र के छोटी खंजरपुर का है।
पुरिजनों के मुताबिक मृतक अंकित को मोबाइल पर वीडियो गेम खेलने की लत थी। वीडियो गेम की वजह से वो अक्सर मानसिक तनाव से जूझ ने लगा था।जानकारी के मुताबिक अंकित अपने पिता से कपड़े और जूते के लिए पैसे मांग रहा था। 2500 की मांग पर पिता ने पुत्र को फटकार लगा दी, जिससे वह काफी नाराज हो गया।
उसके बाद पिता ड्यूटी चले गये। दफ्तर से लौटने के बाद बेटे को नहीं देख पिता ने पूछा, तो मां ने बताया कि डांट के बाद से वो नाराज है और कमरे में खुद को बंद कर लिया है। जब पिता उसके कमरे में पहुंचे तो उसके शव को फंदे से लटका हुआ पाया। आनन-फानन मे उसे मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की तह तक जांच कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।









