पैसों की बारिश का खौफनाक खेल! तांत्रिक के जाल में फंसे BJP पार्षद, 100 गुना के लालच में उड़ गए लाखों
नकली नोटों से भरा थैला, श्मशान की मिट्टी का बहाना और रातों-रात फरार तांत्रिक… रायपुर में मचा हड़कंप

रायपुर।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तंत्र-मंत्र और पैसों की बारिश का ऐसा डरावना खेल सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया। रकम को 100 गुना करने के झांसे में आकर बीजेपी के एक पार्षद ही ठग लिए गए। कथित तांत्रिकों ने अनुष्ठान के नाम पर 3 लाख 50 हजार रुपये लेकर ऐसा खेल खेला कि पार्षद के हाथ में सिर्फ नकली नोटों से भरा थैला रह गया।
मामला ठक्कर बापा वार्ड के बीजेपी पार्षद रुस्तम कुर्रे से जुड़ा है। आरोप है कि खुद को तांत्रिक बताने वाले युवकों ने पूजा-पाठ के नाम पर विश्वास जीता, असली नोट समेटे और फिर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
अनुष्ठान के नाम पर रची गई ठगी की साजिश
पुलिस के मुताबिक, रुस्तम कुर्रे की करीब एक साल पहले भिलाई के सुपेला निवासी राहुल भारती से पहचान हुई थी। फरवरी 2026 की शुरुआत में राहुल ने दावा किया कि उसका साथी मयंक दास तंत्र-मंत्र से पैसों को 100 गुना कर सकता है। इस चौंकाने वाले दावे ने पार्षद को भी भरोसा दिला दिया।
6 फरवरी की शाम दोनों आरोपी मंगल बाजार स्थित पार्षद के कार्यालय पहुंचे। पूजा-पाठ के दौरान कथित तांत्रिक ने अनुष्ठान के लिए नकद रकम मांगी। पार्षद ने 500-500 के नोटों के सात बंडलों में कुल 3.50 लाख रुपये सौंप दिए।
श्मशान की मिट्टी का बहाना और बड़ा धोखा
रात करीब साढ़े दस बजे पूजा पूरी होने के बाद तांत्रिक ने नोटों से भरा एक थैला पार्षद को सौंपा और कहा कि कुछ देर बाद “पैसों की बारिश” दिखेगी। इसके बाद दोनों आरोपी श्मशान की मिट्टी लाने का बहाना बनाकर बाइक से निकल गए।
काफी देर इंतज़ार के बाद जब वे वापस नहीं लौटे, तो पार्षद ने थैला खोला। नज़ारा देखकर पैरों तले ज़मीन खिसक गई—थैले में असली नोटों की जगह नकली नोटों के बंडल भरे थे। कॉल करने पर आरोपियों के मोबाइल बंद मिले। उसी रात गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
4 घंटे में दबोचे गए आरोपी
बीजेपी पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए महज 4 घंटे के भीतर भिलाई से दोनों आरोपियों राहुल भारती और मयंक दास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 3.5 लाख रुपये नकद, एक अपाचे बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि उन्होंने इससे पहले कितने लोगों को इसी तरह ठगा है। गौरतलब है कि इससे पहले बिलासपुर में भी तंत्र-मंत्र से ढाई लाख को ढाई करोड़ बनाने के दावे का वीडियो वायरल हो चुका है।









