RPF जवान निकला बेईमान: कूड़ा चुनने वाली से 15000 रुपये रिश्वत लेते हुआ गिरफ्तार, CBI ने मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ा

RPF jawan turns out to be dishonest: Arrested while accepting a bribe of Rs 15,000 from a garbage picker, CBI catches him red-handed on the spot

CBI Raid: आजकल घूसखोरों का कोई ईमान धरम नहीं रह गया है। पिछले दिनों CBI की कार्रवाई को लेकर जो जानकारी सामने आयी, उसने तो हर किसी को हैरान कर दिया। CBI के चंगुल में फंसे RPF जवान के बारे में शिकायत थी कि वो रेलवे कॉलोनी में कूड़ा चुनने की इजाजत देने के नाम पर 15000 रुपये घूस हर महीने ले रहा था।

 

पूरा मामला चक्रधरपुर रेलमंडल के बंडामुंडा आरपीएफ पोस्ट पर तैनात जवान मोहम्मद असरार को सीबीआई ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जवान पर आरोप है कि वह रेलवे कॉलोनी में कूड़ा चुनने वाली एक महिला से हर महीने रिश्वत मांगता था। यह चक्रधरपुर रेलमंडल में बीते कुछ महीनों में सीबीआई की तीसरी बड़ी कार्रवाई है।

 

जानकारी के मुताबिक, असरार रेलवे कॉलोनी में कूड़ा चुनने के बदले एक महिला से हर महीने 15 हजार रुपये की अवैध वसूली कर रहा था।सूत्रों के अनुसार, महिला को आरपीएफ जवान द्वारा कई बार धमकाया गया था कि यदि वह तय रकम नहीं देगी, तो उसे कॉलोनी में काम नहीं करने दिया जाएगा। परेशान महिला ने इसकी शिकायत सीबीआई से की, जिसके बाद एजेंसी ने जाल बिछाकर जवान को धर दबोचा।

 

पूरा मामला सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। शिकायत के अनुसार, आरोपी जवान मोहम्मद असरार राउरकेला के बिसरा चौक के पास महिला से 15 हजार रुपये रिश्वत लेने पहुंचा था। जैसे ही उसने पैसे लिए, सीबीआई की टीम ने मौके पर ही छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

 

सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए जवान के पास से 15 हजार रुपये के नोट बरामद किए गए हैं, जिन पर पहले से रासायनिक पाउडर लगाया गया था। जांच टीम ने मौके पर ही नोटों को जब्त कर लिया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए राउरकेला स्थित सीबीआई कार्यालय ले जाया गया।

 

जांच एजेंसी के सूत्रों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उससे यह भी पूछताछ की जा रही है कि क्या इस वसूली में अन्य अधिकारी या जवान भी शामिल हैं।यह चक्रधरपुर रेलमंडल में सीबीआई की तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी बंडामुंडा–राउरकेला सेक्शन में दो बार रेल कर्मियों और आरपीएफ अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया जा चुका है।

Related Articles

close