अवैध प्रवासियों की वापसी: अमेरिका से तीसरा विमान भारत पहुंचा, अमृतसर में लैंडिंग

नई दिल्ली। अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों को देश वापस भेजने की प्रक्रिया तेज हो गई है। रविवार देर रात अमेरिका एयरफोर्स का तीसरा विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा, जिसमें 112 भारतीय प्रवासी सवार थे। ये सभी वे लोग हैं, जिन्हें अमेरिका में अवैध प्रवास के चलते डिपोर्ट किया गया है। इससे पहले भी दो विमान अवैध अप्रवासियों को लेकर भारत आ चुके हैं।
अमेरिका से आए तीसरे जत्थे में 112 प्रवासी
अमेरिकी एयरफोर्स की फ्लाइट RCH869 ने अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। पहले खबर थी कि इस विमान में 157 प्रवासी होंगे, लेकिन जब फ्लाइट लैंड हुई तो केवल 112 लोग ही बाहर निकले। दूसरी खेप में आई फ्लाइट में महिलाओं और बच्चों को किसी भी तरह की हथकड़ी नहीं लगाई गई थी।
लगातार दूसरे दिन अमेरिका से भारत पहुंचे प्रवासी
गौरतलब है कि शनिवार रात भी अमेरिका से एक विमान अमृतसर पहुंचा था। उस दौरान खबर आई थी कि दूसरे जत्थे में 119 प्रवासी होंगे, लेकिन वास्तव में 116 लोग ही विमान से उतरे।
इस बैच में सबसे ज्यादा 65 लोग पंजाब से थे, जबकि 33 हरियाणा से आए थे। अन्य राज्यों से आए प्रवासियों की संख्या इस प्रकार थी:
- गुजरात – 8
- उत्तर प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, राजस्थान – 2-2
- हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर – 1-1
5 फरवरी को आया था पहला विमान
अमेरिकी वायुसेना का पहला विमान 5 फरवरी को भारत पहुंचा था, जिसमें 104 अवैध भारतीय अप्रवासी शामिल थे। ये सभी लोग अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे थे और ट्रंप सरकार द्वारा शुरू की गई नीति के तहत डिपोर्ट किए गए थे।
अमेरिका में बढ़ रहा डिपोर्टेशन का ट्रेंड
डोनाल्ड ट्रंप की सरकार बनने के बाद अमेरिका में अवैध अप्रवासियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अमेरिका में रह रहे अवैध भारतीयों को भी लगातार वापस भेजा जा रहा है। अब तक अमेरिका से तीन बैच में प्रवासी भारत लौट चुके हैं।
लेटेस्ट अपडेट्स के लिए जुड़े रहें!