झारखंड में होगी धर्म की पढ़ाई, खुलेगा वैदिक स्कूल, जानिये पहले चरण में किन जिलों में स्कूल खोलने की है तैयारी, पुजारियों को भी मिली ये सौगात

रांची। झारखंड में जल्द ही सनातन की पढ़ाई शुरू होगी। झारखंड राज्य हिंदू धार्मिक बोर्ड ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड की बैठक में वैदिक स्कूल खोले जाने को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। बोर्ड के सदस्य राकेश सिन्हा ने बताया की झारखंड में एक भी वैदिक स्कूल नहीं है। इस बात को ध्यान में रखते हुए युवाओं को सनातन धर्म के बारे में जानकारी देने, पूजा-पाठ और कर्मकांड की शिक्षा देने के उद्देश्य से ये निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि आज के दौर में युवाओं के बीच सनातन धर्म के प्रति जानकारी और उसका प्रचार-प्रसार के लिए ये जरूरी बताया है. पहले चरण में रांची, देवघर और दुमका में वैदिक स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है। वहीं राज्य में निबंधित मंदिरों में देवी-देवता की पूजा में लगे पुजारियों के लिए भी बोर्ड ने अहम फैसला किया है। अब निबंधित मंदिर के पुजारियों का 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा करने पर बोर्ड की बैठक में मुहर लगी है। सभी निबंधित मंदिर के पुजारी का स्वास्थ्य बीमा कराया जायेगा।
बोर्ड के सदस्य राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड में एक भी वैदिक स्कूल नहीं है। प्रारंभ में इसका संचालन रांची, देवघर व दुमका में होगा। स्कूल की क्षमता 100-100 छात्रों की होगी। वैदिक व कर्मकांड की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को बोर्ड द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। शुक्रवार को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार वैदिक स्कूल सरकारी विश्वविद्यालय से संबद्ध होगा। शैक्षिक कमेटी यह तय करेगा कि वैदिक स्कूल को किस संस्थान से संबद्धता करायी जाए।