रिश्तों का खून से अंत…आधी रात का खौफनाक सच…पैसों के झगड़े में बहन बनी कातिल… भाई को उतारा मौत के घाट…
अलीगढ़ में रिश्तों का खून से अंत, वहीं दिल्ली में पुरानी दुश्मनी ने ली एक और जान

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की बुनियाद को ही हिला कर रख दिया है। जहां एक बहन ने पैसों के विवाद में अपने ही भाई का खून कर दिया। यह घटना जितनी चौंकाने वाली है, उतनी ही डरावनी भी, क्योंकि इसमें खून का रिश्ता ही कत्ल की वजह बन गया।
जानकारी के मुताबिक, 16-17 अप्रैल की आधी रात को क्वार्सी थाना पुलिस को सूचना मिली कि भाई-बहन के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ है, जो अचानक खूनी रूप ले बैठा। बहन ने गुस्से में आकर अपने ही भाई पर चाकू से हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (JNMC) ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि सबूतों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना पर सर्किल ऑफिसर सर्वम सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि पैसों को लेकर दोनों के बीच काफी समय से तनाव था, जो आखिरकार इस खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया।
उधर, राजधानी दिल्ली से भी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहांगीरपुरी इलाके में 17 साल के एक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हसमत के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में BJRM अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, यह वारदात 5 अप्रैल की शाम रामलीला मैदान में हुई, जहां कई हमलावरों ने मिलकर धारदार हथियारों से हमला किया। मृतक के परिजनों ने दिलशाद, इरफान, इमरान और रिजबुल पर हत्या का आरोप लगाया है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो ईद के दौरान और बढ़ गया। इसी रंजिश ने आखिरकार एक और जान ले ली।
दो अलग-अलग शहरों की ये घटनाएं एक ही सवाल खड़ा कर रही हैं कि क्या अब रिश्ते और आपसी विवाद इतने खतरनाक हो चुके हैं कि उनका अंत सिर्फ खून-खराबे में ही हो रहा है।









