धनबाद में असली किन्नरों ने नकली किन्नरों की जमकर पिटाई, पुलिस को सौंपा…जानें पूरी घटना
In Dhanbad, real eunuchs beat up fake eunuchs and handed them over to the police... know the whole incident

धनबाद: बटवाअड्डा जीटी रोड पर उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब असली किन्नरों ने नकली किन्नरों की जमकर पिटाई कर दी। सड़क पर काफी देर तक हंगामा और मारपीट होती रही। इसके बाद असली किन्नरों ने नकली किन्नरों को पकड़कर बरवाअड्डा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, ये धनबाद में नकली किन्नर लंबे समय से ट्रक चालकों और राहगीरों को परेशान कर उनसे पैसे वसूल रहे थे। पुरुष भेष में किन्नर बनकर यह गिरोह पंडुकी से किसान चौक तक जीटी रोड पर सक्रिय था। लगातार शिकायतों के बाद दर्जनों असली किन्नर मौके पर पहुंचे और नकली किन्नरों को पकड़कर उनकी धुनाई कर दी।
इस घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये युवक आए दिन किन्नर का भेष धरकर उगाही करते थे, जिससे आम लोगों और ड्राइवरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
झारखंड किन्नर बोर्ड की सदस्य श्वेता किन्नर ने बताया कि पिछले कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक नकली किन्नर बनकर ट्रक चालकों को परेशान कर रहे हैं। आज सूचना पर पहुंचकर 8 नकली किन्नरों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।









