रांची: आंधी-तूफान ने जमकर मचायी तबाही, कहीं गिरे पड़े, तो कहीं गिरा रूफटॉप शेड, बड़ा हादसा टला, कई वाहन क्षतिग्रस्त
Ranchi: Storm wreaks havoc, causing collapses and rooftop sheds elsewhere; major accident averted, several vehicles damaged

रांची में अचानक बदले मौसम के बीच बड़ा हादसा टल गया। कडरू मेन रोड स्थित स्काईलाइन बिल्डिंग के एक रेस्तरां के ओपन रूफटॉप का शेड तेज हवा के कारण नीचे गिर गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
________________________________________
रांची। राजधानी रांची में आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचायी है। देर शाम अचानक बदले मौसम के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज हवा और बारिश के दौरान कडरू मेन रोड स्थित स्काईलाइन बिल्डिंग में मौजूद एक रेस्तरां के ओपन रूफटॉप का बड़ा शेड अचानक नीचे गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय यह शेड नीचे गिरा, उस वक्त वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शेड गिरने से नीचे खड़ी चार कारें और छह दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। तेज हवा और वज्रपात के बीच हुई इस घटना से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय लोग वाहनों के पास खड़े होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सोरोस बार के रूफटॉप से गिरा शेड
जानकारी के अनुसार कडरू मेन रोड पर स्थित स्काईलाइन बिल्डिंग में संचालित सोरोज बार के ओपन रूफटॉप में लगा बड़ा शेड तेज हवा के कारण अचानक नीचे गिर गया। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।मौके पर मौजूद लोगों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज हवा के झोंकों के बीच अचानक शेड भरभराकर नीचे गिर पड़ता है और आसपास मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगते हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
अचानक बदला मौसम का मिजाज
सोमवार दोपहर बाद रांची समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज हवा, गरज और बिजली के साथ कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम में आए इस अचानक बदलाव के कारण शहर के कई हिस्सों में तेज झोंके चले, जिससे कमजोर ढांचों और अस्थायी संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रही।तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटने और अस्थायी ढांचों के हिलने की भी खबरें सामने आईं। इसी दौरान कडरू मेन रोड स्थित स्काईलाइन बिल्डिंग में यह घटना हुई।
मौसम विभाग ने पहले ही दी थी चेतावनी
मौसम विभाग ने पहले ही संकेत दिया था कि 16 मार्च से झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और बारिश होने की संभावना है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव के कारण झारखंड के मौसम में यह अचानक बदलाव आया है।
इसके चलते आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और कई स्थानों पर मेघ गर्जन तथा बारिश की स्थिति बन रही है।मौसम विभाग के मुताबिक रांची का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन के समय गर्मी के साथ बादलों की आवाजाही और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।









