रांची-बिरयानी के चक्कर में चली गोली, रेस्टोरेंट के मालिक को गोलियों से भून डाला, दिवाली के पहले कानून व्यवस्था पर ….
Ranchi: A shooting took place over biryani, the restaurant owner was shot dead, law and order in the run-up to Diwali....

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में धनतेरस की रात दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय नाग को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की खबर मिलते ही रविवार की सुबह स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और कांके रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया।
सैकड़ों की संख्या में लोग रांची-पिठोरिया मार्ग पर उतर आए और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। लोगों का कहना था कि शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है और पुलिस अपराध रोकने में पूरी तरह विफल हो गई है।
बिरयानी विवाद से शुरू हुई हत्या की वारदात
जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर रात चौपाटी रेस्टोरेंट में बिरयानी को लेकर विवाद शुरू हुआ। अपराधियों ने वेज बिरयानी ऑर्डर की थी, लेकिन स्टाफ की गलती से उन्हें नॉनवेज बिरयानी परोस दी गई। इसी बात पर अपराधी भड़क गए और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विजय नाग को गोली मार दी गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हत्या के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
हत्या के विरोध में उग्र प्रदर्शन, सड़क जाम
रविवार की सुबह जैसे ही लोगों को हत्या की जानकारी मिली, कांके रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस केवल वसूली में व्यस्त रहती है और अपराधियों पर कोई कार्रवाई नहीं करती।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि “कानून व्यवस्था के हालात इतने खराब हैं कि थाना प्रभारियों की नियुक्ति भी राजनीतिक दबाव में हो रही है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।”
पुलिस और विधायक ने किया शांत कराने का प्रयास
लगभग एक घंटे तक पुलिस और भीड़ के बीच बातचीत चलती रही। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कांके थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। इसी बीच कांके विधायक सुरेंद्र बैठा भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की।लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद विधायक और पुलिस के समझाने पर लोगों ने जाम समाप्त किया और सड़क पर यातायात बहाल हुआ।
विधायक ने जताया दुख, परिवार से की मुलाकात
कांके विधायक सुरेंद्र बैठा ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और पुलिस प्रशासन को जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज जब्त किए हैं और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। शहर के कई इलाकों में छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।