रांची निकाय चुनाव को लेकर राजधानी का सियासी माहौल गरमा गया है। भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो ने सहजानंद चौक स्थित अपने प्रधान कार्यालय में संकल्प पत्र जारी किया। इस मौके पर कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे और प्रत्याशी के विजन को जनता के सामने रखा गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और रांची विधायक सीपी सिंह समेत अन्य नेता उपस्थित थे। नेताओं ने कहा कि रांची को बेहतर और स्मार्ट सिटी बनाने के लिए ठोस रोडमैप तैयार किया गया है।
भाजपा नेता रमेश सिंह ने बताया कि संकल्प पत्र के माध्यम से राजधानी के विकास का विजन जनता के सामने रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और शहर की समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने का वादा किया गया है।
झारखंड में लंबे इंतजार के बाद 48 नगर निकायों के लिए चुनाव हो रहे हैं। रांची में मेयर पद के लिए कई उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा समर्थित रोशनी खलखो और कांग्रेस समर्थित रमा खलखो के बीच माना जा रहा है। रांची निकाय चुनाव के लिए 23 फरवरी को मतदान होगा, जबकि 27 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। अब देखना है कि राजधानी की जनता किसे अपना समर्थन देती है।