रांची- सेना का जवान गिरफ्तार : ट्रेन में युवती से किया रेप, गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को पीटा, दो पुलिसकर्मी हुए घायल

रांची। सेना के जवान को रेप के आरोप मे गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि जवान ने चलती ट्रेन में युवती के साथ रेप किया था। जानकारी के मुताबिक GRP और RPF की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों से मारपीट भी हुई, जिसमें दो जवान घायल हुए हैं। आरोप है कि टाटीसिल्वे क्षेत्र में एक चलती ट्रेन में युवती के साथ दुष्कर्म की घटना की थी।

आरोप है कि शराब के नशे में एक सेना के जवान ने जबरन युवती को खींचकर अपराध को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, पीड़िता पारिवारिक कारण से नाराज होकर घर से निकल गई थी और टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी जवान, जो कथित रूप से शराब के नशे में था, उसने युवती को जबरन ट्रेन के भीतर खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

इस दौरान जब युवती ने शोर मचाया, तो आसपास मौजूद लोगों और रेलवे स्टाफ को संदेह हुआ। जिसके बाद सूचना मिलते ही GRP और RPF की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ा, उस दौरान भी युवती आरोपी जवान के पास ही थी। हालांकि, आरोपी को हिरासत में लेने के दौरान स्थिति और बिगड़ गई।

आरोपी जवान ने गिरफ्तारी का विरोध किया और मौके पर मौजूद RPF और GRP के जवानों के साथ हाथापाई की। इस झड़प में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। आरोपी जवान की पहचान अजित सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में उसकी पंजाब में पोस्टिंग है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी सेना की एक वैगन ट्रेन की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय वह ड्यूटी के दौरान ही शराब के नशे में था, जिसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट से की जा रही है।पीड़िता को तत्काल मेडिकल जांच और काउंसलिंग के लिए अस्पताल भेजा गया है। GRP रांची के अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

Related Articles

close