रांची। ज्वेलरी शॉप में लूट की खबर पर एक्शन में आयी पुलिस, दो आरोपियों को किया गिरफतार, लूट या फिर कुछ और… पुलिस कर रही है पड़ताल
Ranchi: Police swung into action after reports of a robbery at a jewelry store, arresting two suspects. Whether it was robbery or something else, the police are investigating.

राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स में जेवरात की खरीद के बहाने ठगी और लूट के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
……………………..
रांची। राजधानी के व्यस्त लालपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लक्ष्मी ज्वेलर्स नामक जेवरात की दुकान में ठगी और लूट के प्रयास की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, दो आरोपी जेवरात खरीदने के बहाने लक्ष्मी ज्वेलर्स पहुंचे थे। शुरुआत में बातचीत सामान्य रही, लेकिन कुछ देर बाद दुकान के अंदर पैसों और जेवरात को लेकर विवाद की स्थिति बन गई।
इसी दौरान दुकानदार और आरोपियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद मामला बिगड़ गया। आरोप है कि दोनों व्यक्ति जबरन गहने लेकर दुकान से बाहर निकलने लगे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए लक्ष्मी ज्वेलर्स के मालिक ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर लूट की सूचना दी और सहायता की मांग की। कंट्रोल रूम में सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस के साथ-साथ आसपास के थानों की टीम भी तुरंत हरकत में आ गई।
कुछ ही देर में पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और जेवर दुकान से गहने लेकर भागने के आरोप में दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती सूचना लूट की थी, लेकिन जब पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की गई तो मामला कुछ हद तक अलग नजर आया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने दुकानदार को यह दावा किया था कि उन्होंने गहनों के बदले लाखों रुपये दुकानदार के खाते में भेज दिए हैं।
हालांकि, दुकानदार ने किसी भी प्रकार का भुगतान प्राप्त होने से साफ इनकार किया।दुकानदार का आरोप है कि जब उसने पैसे नहीं मिलने की बात कही, तो दोनों व्यक्ति जबरन दुकान से जेवरात उठाकर बाहर निकलने लगे।
इसी बीच पुलिस को सूचना दे दी गई, जिससे बड़ा अपराध होते-होते टल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और कथित रूप से ले जाए जा रहे जेवरात भी बरामद कर लिए।
घटना पूर्ण रूप से लूट की श्रेणी में आती है या फिर यह किसी तरह के डिजिटल लेनदेन अथवा धोखाधड़ी से जुड़ा विवाद है। पुलिस दुकानदार, कर्मचारियों और हिरासत में लिए गए आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है।
साथ ही बैंक लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।लालपुर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपियों के खिलाफ लूट, ठगी या अन्य आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।









