राहुल गांधी का झारखंड दौरा तय: आदिवासी इलाकों में पदयात्रा और जनसभाओं की तैयारी, जल्द होगी तारीखों का ऐलान

Rahul Gandhi's Jharkhand visit fixed: Preparations for padyatra and public meetings in tribal areas, dates will be announced soon

रांची : झारखंड में कांग्रेस की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बाद अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के झारखंड दौरे की तैयारी शुरू हो चुकी है। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी का यह कार्यक्रम जनजातीय बहुल इलाकों में आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से पार्टी आदिवासी समाज से संवाद स्थापित करने की कोशिश करेगी।

कांग्रेस का झारखंड पर विशेष फोकस

हाल के दिनों में झारखंड कांग्रेस को लेकर केंद्रीय नेतृत्व का विशेष ध्यान रहा है। मल्लिकार्जुन खड़गे हाल ही में संविधान बचाओ रैली में शामिल होने रांची पहुंचे थे। इसके साथ ही, वह पहली बार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में भी शामिल हुए। अब पार्टी राहुल गांधी के संभावित दौरे की तैयारियों में जुट गई है।

 जनजातीय समाज से सीधा संवाद

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जानकारी दी है कि राहुल गांधी का कार्यक्रम किसी जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस की ओर से जल्द ही दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मुलाकात कर तारीख तय की जाएगी। इस दौरे में राहुल गांधी जनजातीय समुदाय की समस्याओं से रूबरू होंगे।

 झारखंड में पदयात्रा का भी प्रस्ताव

 

 

कांग्रेस की योजना राहुल गांधी के दौरे के दौरान राज्य के आदिवासी क्षेत्रों में पदयात्रा आयोजित करने की भी है। यह कार्यक्रम पार्टी के सामाजिक न्याय, आदिवासी अधिकारों और पिछड़े वर्गों के मुद्दों पर केंद्रित होगा, जिससे पार्टी का जनाधार मजबूत करने की रणनीति बनाई गई है।

दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस में उत्साह

राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी का मानना है कि यह कार्यक्रम झारखंड में राजनीतिक रूप से नई ऊर्जा प्रदान करेगा और आदिवासी एवं वंचित समुदायों के बीच पार्टी की पैठ को और मजबूत करेगा।

Related Articles