उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा की तारीख दूसरी बार बदली, जानिये अब कब होगी परीक्षा, जानिये क्यों बदली परीक्षा की तारीख

रांची: उत्पाद सिपाही से जुड़ी एक बड़ी अपडेट आ रही है। झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की परीक्षा की तारीख फिर बदल गयी है। पूर्व प्रस्तावित तारीख में बदलाव करते हुए अब लिखित परीक्षा 12 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने लिखित परीक्षा की तिथि दूसरी बार बदली है।
आपको बता दें कि इससे पहले यह परीक्षा 22 मार्च को होनेवाली थी। लेकिन इसमें बदलाव की मांग उठी थी, बताया जा रहा है कि इस दिन सरहुल होने के कारण परीक्षा की तिथि बढ़ाई गई। आयोग ने 13 मार्च को सूचना प्रकाशित कर यह परीक्षा 14 अप्रैल को आयोजित करने की बात कही थी, जबकि इस दिन आंबेडकर जयंती है।
आयोग ने यह परीक्षा 12 अप्रैल को ही आयोजित करने का निर्णय लिया है। आयोग ने मंगलवार को इस संबंध में सूचना प्रकाशित कर दी।इसके तहत यह परीक्षा राज्य के आठ जिलों रांची, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, बोकरो, धनबाद, देवघर एवं दुमका के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होगी।
परीक्षा से संबंधित प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए लिंक आयोग की वेबसाइट पर अप्रैल के पहले सप्ताह में उपलब्ध कराया जाएगा।बताते चलें कि कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने विधानसभा में 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती होने का हवाला देते हुए परीक्षा की तिथि में संशोधन की मांग सरकार से की थी।










