Video: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आत्मीयता से दिल जीता, प्रोटोकॉल तोड़ गाड़ी से उतरकर पहुंची लोगों के बीच, लोग रह गये हैरान

President Draupadi Murmu won hearts with her warm, unobtrusive approach to the crowd, leaving them stunned.

सरायकेला 29 दिसंबर 2025। झारखंड दौरे के दौरान सरायकेला में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की आत्मीयता देखने को मिली। राष्ट्रपति ने प्रोटोकॉल तोड़कर सड़क पर आम लोगों से मुलाकात की। उनकी सादगी और आत्मीय व्यवहार ने जनता का दिल जीत लिया और यह पल स्थानीय लोगों के लिए यादगार बन गया। दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड दौरे के तहत नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए पहुंची थीं।

 

दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करने और उन्हें उपाधियां प्रदान करने के बाद राष्ट्रपति वापस अपने गंतव्य की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान उनका काफिला सरायकेला से होकर गुजर रहा था।सरायकेला और आसपास के इलाकों में राष्ट्रपति की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद से ही लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा था। आकाशवाणी चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर स्थानीय नागरिक सुरक्षा बैरिकेडिंग के पीछे घंटों से राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए खड़े थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद लोगों का जोश और उत्साह कम नहीं हुआ।

आकाशवाणी चौक पर अचानक रुका राष्ट्रपति का काफिला

जब राष्ट्रपति का काफिला सरायकेला के आकाशवाणी चौक के पास पहुंचा, तो वहां उमड़े जनसैलाब और लोगों के उत्साह को देखकर राष्ट्रपति स्वयं को रोक नहीं सकीं। उन्होंने अचानक अपने काफिले को रुकवाया और सुरक्षा प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना वाहन से नीचे उतरकर सीधे जनता के बीच पहुंच गईं।

 

जनता के बीच पहुंचते ही गूंजे नारे

राष्ट्रपति को अपने बीच अचानक देखकर लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बैरिकेडिंग के बाहर खड़े लोगों ने “भारत माता की जय” के नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। कुछ क्षणों के लिए माहौल पूरी तरह भावनात्मक और उल्लासपूर्ण हो गया। राष्ट्रपति ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और मुस्कुराते हुए लोगों से आत्मीयता के साथ मिलीं।

खरकाई पुल मार्ग पर भी किया अभिवादन

आकाशवाणी चौक के बाद राष्ट्रपति ने खरकाई पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर भी अपने वाहन को धीमा कराया और वहां खड़े लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान राष्ट्रपति का जनता के प्रति अपनापन और सादगी साफ झलक रही थी। लोगों ने मोबाइल फोन से इस ऐतिहासिक पल को कैमरे में कैद किया।

 

सुरक्षाकर्मियों के लिए बनी चुनौती, जनता के लिए यादगार दिन

हालांकि राष्ट्रपति का इस तरह प्रोटोकॉल से हटकर जनता के बीच जाना सुरक्षाकर्मियों के लिए एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन राष्ट्रपति के जनता प्रेम और सहज व्यवहार ने इस स्थिति को भी खास बना दिया। सुरक्षा दल ने सतर्कता के साथ स्थिति को संभाला।

Related Articles