पुलिस टीम पर हमला, दारोगा सहित छह पुलिसकर्मी हुए घायल, दहेज मामले की जांच के लिए पहुंची थी पुलिस टीम

मुजफ्फरपुर। पुलिस टीम पर हमला करने की घटना बिहार में इन दिनों बढ़ती जा रही है। मुजफ्फरपुर में दहेज मामले में जांच के लिए पहुंची पुलिस पार्टी पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में दारोगा सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गये। घटना मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस टीम पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। जिसमें दरोगा प्रवीण कुमार, जमादार लक्ष्मण राम, महिला सिपाही नेहा कुमारी, सिपाही सौरभ कुमार, विकास कुमार और मनोज कुमार सिंह जख्मी हो गए। घायलों का इलाज पारू पीएचसी में करवाया गया।
जानकारी के मुताबिक देवरिया के बंदी गांव का रहने वाला ज्योतिष मोहब्बतपुर गांव की एक लड़की से प्रेम करता था। इसकी जानकारी लड़की के परिजनों को हो गई। जिसके बाद पंचायती करवाई गई। पंचायत में निर्णय लिया गया कि ज्योतिष को उक्त लड़की से शादी करना होगा। शादी से इनकार करने पर 10 लाख रुपया जुर्माना के रूप में देना होगा। जिसके बाद ज्योतिष के घर वाले शादी के लिए राजी हो गए। जनवरी 2023 में दोनों की शादी करवा दी गई। कुछ दिनों के बाद दोनों के बीच दहेज को लेकर नोकझोंक होना शुरू हो गया। जिसके बाद लड़की के परिजनों ने देवरिया थाना में दहेज उत्पीड़न को लेकर शिकायत दर्ज करवाया। पुलिस मामले में हस्तक्षेप कर दोनों का सुलह करवाना चाहा। लेकिन ज्योतिष के घर वाले राजी नहीं हुए।
रविवार को सुबह 11 बजे देवरिया पुलिस केस की जांच करने ज्योतिष के घर गई। ज्योतिष के घर वाले आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस टीम ने हमले के बाद तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस आसपास के थानों से भी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हमला करने वाले ज्योतिष के दादा जयलाल भगत, उसकी दादी लखपति देवी, ज्योतिष की भाभी पिंकी देवी और धरमेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य हमलावर मौके से फरार हो गए।









