PM मोदी को मिले 1300 से ज्यादा तोहफों की होगी नीलामी, 10 लाख की मूर्ति से लेकर 600 रुपए की चुनरी तक पर लगेंगी बोलियाँ!

नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों का जलवा एक बार फिर आम जनता तक पहुंचने वाला है। आज से उनके 1300 से ज़्यादा तोहफों की ई-नीलामी शुरू हो गई है, जो 2 अक्टूबर तक चलेगी। हैरानी की बात यह है कि इस बार नीलामी में शामिल गिफ्ट्स में कीमतों का फर्क चौंकाने वाला है—कहीं एक मूर्ति की बोली 10 लाख 39 हजार 500 रुपए से शुरू हो रही है, तो वहीं सबसे सस्ता तोहफ़ा 600 रुपए की चुनरी है।

सातवां संस्करण और ऑनलाइन बोली

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत पीएम मोदी को मिले तोहफों की सातवीं ई-नीलामी का ऐलान किया है। इसका आयोजन नई दिल्ली स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) द्वारा किया जा रहा है। लोग इन धरोहरों को www.pmmementos.gov.in पर देखकर बोली लगा सकते हैं।

महंगे तोहफों की लिस्ट चौंकाती है

इस नीलामी में कई अनोखे उपहार शामिल हैं।

  • भवानी माता की मूर्ति – ₹10,39,500

  • पैरा ओलंपिक मेडल विजेताओं अजीत सिंह, सिमरन शर्मा और निशाद कुमार के जूते – ₹7,70,000 (प्रत्येक)

  • राम मंदिर का मॉडल – ₹5,50,000

वहीं, सबसे सस्ते तोहफों में लाल चुनरी विद गोल्ड मिरर (₹600), कमल चिन्ह वाला भगवा अंगवस्त्र (₹800) और नारंगी कढ़ाई वाला अंगवस्त्र (₹900) शामिल हैं।

2019 से अब तक 50 करोड़ की कमाई

पहली बार जनवरी 2019 में यह नीलामी हुई थी। तब से अब तक पीएम मोदी को मिले हजारों तोहफों की नीलामी से 50 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि जुटाई जा चुकी है। खास बात यह है कि यह पूरा धन गंगा सफाई और जनकल्याण योजनाओं में लगाया जाता है।

लोगों में बढ़ा उत्साह

नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट में इन सभी उपहारों को प्रदर्शित किया गया है। लोग इन्हें देखकर ऑनलाइन बोली में हिस्सा ले सकते हैं। पीएम मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अपने स्मृति चिन्हों को नीलामी कराकर उन्हें समाजहित में समर्पित किया है।

 मोदी के इन तोहफों में सिर्फ़ चमक-धमक ही नहीं, बल्कि किसी की आस्था, किसी की मेहनत और किसी की भावनाएँ भी जुड़ी हैं। शायद यही वजह है कि हर साल इनकी नीलामी लोगों को और ज्यादा रोमांचित कर देती है।

Related Articles

close