PM मोदी को नामीबिया का सबसे बड़ा सम्मान! विदेश में अब तक 27 बार मिल चुका अंतरराष्ट्रीय गौरव

नई दिल्ली / विंडहोक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नामीबिया की राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा ने एक द्विपक्षीय वार्ता के बाद उन्हें प्रदान किया।
इस सम्मान के साथ पीएम मोदी को विदेशों में अब तक कुल 27 बार अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड मिल चुके हैं, जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री के लिए एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।
क्या है ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एन्शिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस’?
यह नामीबिया का सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान है, जिसकी शुरुआत 1995 में की गई थी।
इस सम्मान का नाम वेल्वित्शिया मिराबिलिस नामक एक प्राचीन रेगिस्तानी पौधे पर रखा गया है, जो लंबी उम्र, लचीलापन और दृढ़ता का प्रतीक माना जाता है — और यही गुण नामीबियाई संस्कृति और इसके लोगों में देखने को मिलते हैं।
सम्मान के पीछे की भावना
सम्मान देते समय राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो ने कहा:
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया और वैश्विक स्तर पर सामाजिक-आर्थिक विकास, शांति और न्याय को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।“
उन्होंने कहा कि यह सम्मान नामीबियाई संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों के तहत दिया गया।
PM मोदी का जवाब: भारत के लिए गौरव
सम्मान मिलने के बाद पीएम मोदी ने कहा:
“वेल्वित्शिया मिराबिलिस से सम्मानित होना मेरे लिए अत्यंत गौरव की बात है। मैं यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित करता हूं। मैं नामीबिया की सरकार और जनता का तहेदिल से आभार व्यक्त करता हूं।”
अब तक किन देशों ने किया सम्मानित?
पीएम मोदी को अब तक रूस, अमेरिका, फ्रांस, सऊदी अरब, यूएई, भूटान, अफगानिस्तान, फिलिस्तीन, मिस्र, श्रीलंका, बहरीन, जाम्बिया, मलावी, पापुआ न्यू गिनी, जैसे कई देशों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।









