Plane Accident: लंदन की पहली उड़ान ही बनी आखिरी सफर: अहमदाबाद विमान हादसे में दुल्हन की मौत, पति के पास जाने निकली दुल्हन ने नहीं देखा लंदन

Plane Accident। एयर इंडिया फ्लाइट AI-171 ने अपने पीछे कई दर्दनाक कहानियां छोड़ दी है। गुजरात के अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में जहां 204 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, वहीं इस हादसे ने राजस्थान के एक छोटे से गांव अराबा (बालोतरा) की दुनिया ही उजाड़ दी। 21 साल की दुल्हन खुशबू जिंदगी की नई शुरुआत के लिए पति के पास लंदन जा रही थी, लेकिन ये सफर उसका आखिरी सफर बन गया।
शादी के महज 5 महीने बाद पति के पास जा रही थी लंदन (Plane Accident)
खुशबू की शादी इसी साल 18 जनवरी 2025 को जोधपुर के डॉ. विपुल से हुई थी, जो लंदन में रहते हैं और वहीं प्रैक्टिस कर रहे हैं। शादी के बाद विपुल लंदन लौट गए थे और खुशबू मायके और ससुराल में रह रही थी। अब वह पहली बार विदेश यात्रा पर पति से मिलने जा रही थी, लेकिन उसके लंदन पहुंचने का सपना अधूरा रह गया।
खुशबू अपने पिता मदन सिंह और चचेरे भाई के साथ अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंची थी। फ्लाइट में बैठने से पहले पिता ने खुशबू को विदा करते हुए एक भावुक फोटो खिंचवाई और अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर लिखा, “आशीर्वाद खुशबू बेटा, गोइंग टू लंदन”। लेकिन यह आशीर्वाद भी बेटी को मौत के मंझधार से नहीं बचा सका। जैसे ही फ्लाइट ने उड़ान भरी और कुछ मिनटों बाद क्रैश की खबर आई, तो पिता और भाई जो वापस गांव लौट रहे थे, वहीं टूटकर बिखर गए। परिवार के अनुसार, रवाना होने से पहले खुशबू मां से लिपटकर खूब रोई थी, उसकी आंखों में भविष्य के सपनों की चमक और एक अजीब सी चिंता थी।
सबसे बड़ी बेटी थी खुशबू, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मदन सिंह गांव में मिठाई की दुकान और खेती से परिवार चलाते हैं। खुशबू चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उससे छोटी दो बहनें और एक भाई है। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। गांववाले अभी भी इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहे कि खुशबू अब कभी वापस नहीं आएगी।
एक नई शुरुआत से पहले मौत ने थाम लिया हाथ
हवाई सफर से जुड़े सपनों में खोई खुशबू को क्या पता था कि ये पहली उड़ान ही आखिरी होगी। एक नवविवाहिता के सपने, उसके अरमान और एक पिता की उम्मीदें सब कुछ इस हादसे ने छीन लिया।