रांची में दहशत : ड्यूटी से घर लौट रही युवती को बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली, जानिए क्या है पूरा मामला और कैसे होगी जांच
Panic in Ranchi: Bike-borne criminals shot a young woman returning home from duty, find out what the whole matter is and how the investigation will be conducted.

राजधानी के नगड़ी इलाके में बीती देर रात अपराधियों ने एक युवती को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल युवती की पहचान मनीषा तिर्की के रूप में हुई है, जो कटहल मोड़ स्थित एक दवा दुकान में काम करती है. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुई मनीषा को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
अपराधियों ने कैसे दिया घटना को अंजाम?
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात शनिवार की देर रात हुई. मनीषा तिर्की अपनी ड्यूटी खत्म करके अपनी सहेली के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी. जैसे ही वह घर से कुछ ही दूरी पर स्कूटी से उतरी, पीछे से बाइक पर आए एक अज्ञात युवक ने उस पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया. गोली मनीषा की पीठ में लगी है.
जांच के लिए विशेष टीम का हुआ गठन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि अपराधी की पहचान और जल्द गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है. मनीषा के भाई बबलू तिर्की ने बताया कि हाल ही में मनीषा की शादी तय हुई थी और परिवार खुशियों की तैयारी में जुटा था, लेकिन इसी बीच यह दर्दनाक वारदात हो गई
चूंकि गोली लगने के बाद से मनीषा को अभी तक होश नहीं आया है, इसलिए पुलिस उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी है. पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और प्रेम प्रसंग समेत अन्य सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है.









