ठेका मजदूर की मौत : दुर्गापुर स्टील प्लांट में पिघला लोहा गिरने से एक मजदूर की मौत, तीन की हालत गंभीर

दुर्गापुर। दुर्गापुर स्टील प्लांट से बड़ी दर्दनाक खबर आ रही है।पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर स्टील प्लांट में पिघला लोहा गिरने से एक ठेका मजदूर की मौत हो गई है, वहीं तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की जांच और कारण का पता लगाने के लिए तत्काल एक उच्च स्तरीय समिति गठन किया गया है।
रेलवे लाइन की मरम्मत कर रहे थे मजदूर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10:30 बजे दुर्गापुर स्टील प्लांट की ब्लास्ट फर्नेस नंबर 2 से पिघला हुआ गरम लोहा कलछी में दूसरी जगह ले जाने के क्रम में अचानक पलट गया। उस समय दुर्गापुर स्टील फैक्ट्री के कई ठेका मजदूर उस स्थान पर मौजूद रेलवे लाइन का मरम्मत का काम कर रहे थे। पीघले लोहे की चपेट में आने से एक ठेका श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई और शेष तीन ठेका श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को गंभीर हालत में दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्गापुर स्टील प्लांट के डीजीएम और सीओसी सेल डीएसपी बीबी राय ने बताया कि आज प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस 2 स्लैग पुसर लाइन से स्लैक लोड निकालते समय एक स्लैक लैडल से स्लैग का रिसाव हुआ। इससे ट्रैक मेंटेनेंस का काम कर रहे चार ठेका श्रमिक प्रभावित हो गए। पलटू बाउडी नाम के ठेका मजदूर की जलने से मौत हो गई। साथ ही घायल तीन और ठेका मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से प्रबंधन बहुत दुखी है और प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।


















