रांची में रिम्स हॉस्टल से दर्दनाक खबर…एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप

Tragic News from RIMS Hostel in Ranchi: Uproar as MBBS Student Dies Under Suspicious Circumstances

रांची। रांची के प्रतिष्ठित रिम्स अस्पताल परिसर में उस समय सनसनी फैल गई जब एमबीबीएस सेकंड ईयर के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव उसके हॉस्टल कमरे से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे परिसर और हॉस्टल में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

मृत छात्र की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है, जो झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला था और रिम्स में एमबीबीएस सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। यह घटना हॉस्टल नंबर 8 से जुड़ी बताई जा रही है।

सुबह कमरे में पहुंचते ही साथियों के उड़े होश, ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अक्षित अपने कमरे में सोने चला गया था। शनिवार सुबह जब उसके कुछ साथी कमरे में पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर हड़कंप मच गया। छात्र फंदे से पंखे के सहारे लटका हुआ मिला।

घटना देखते ही साथी छात्रों ने उसे तुरंत नीचे उतारा और इलाज के लिए रिम्स ट्रॉमा सेंटर ले गए। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला

घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कमरे की बारीकी से जांच की और हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्रों से भी पूछताछ की।

थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

मेधावी छात्र को लेकर तनाव की आशंका, प्रशासन ने जताया दुख

रिम्स के निदेशक डॉ राजकुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि अक्षित पढ़ाई में काफी मेधावी छात्र था और उसके माता पिता वर्तमान में पंजाब में रहते हैं।

प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि छात्र मानसिक तनाव से गुजर रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

निदेशक ने यह भी कहा कि यह बेहद दुखद है कि हॉस्टल में साथ रहने वाले दोस्तों को भी उसके तनाव का अंदाजा नहीं लग पाया। पूरे मामले की गहराई से जांच की जाएगी और परिजनों व साथियों से बातचीत कर आगे की जानकारी जुटाई जाएगी।

हॉस्टल में शोक का माहौल, साथी छात्रों में गहरा सदमा

घटना के बाद रिम्स परिसर में गहरा शोक फैल गया है। साथी छात्रों ने बताया कि अक्षित शांत स्वभाव का था और अधिकतर समय पढ़ाई में ही लगा रहता था।

अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरा छात्र समुदाय सदमे में है और हर कोई यह समझने की कोशिश कर रहा है कि आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया गया।

Related Articles

close