झारखंड में नौकरियों की बहार, मुख्यमंत्री ने बांटे ज्वाइनिंग लेटर, कहा, जो भी अच्छा काम करेगा, उसे मिलेगा अवार्ड…

रांची। झारखंड में इन दिनों नौकरी की बहार आयी हुई है। मुख्यमंत्री लगातार चयनित अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग लेटर बांट रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को भी नये अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राजधानी रांची में आयोजित समारोह में 160 नव-चयनित चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इनमें सहायक प्राध्यापक, दंत चिकित्सक, विशेषज्ञ और चिकित्सा पदाधिकारी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से बेहतर कार्य करने और जनसेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी मौजूद रहे।जिन 160 चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं, उनमें 54 सहायक प्राध्यापक, 38 विशेषज्ञ चिकित्सक, 55 चिकित्सा पदाधिकारी और 13 दंत चिकित्सक शामिल हैं।
इसके अलावा, पांच चिकित्सक राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से नियुक्त किए गए हैं।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सक समाज में भगवान का रूप माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता को चिकित्सकों से बड़ी अपेक्षाएं हैं और इसीलिए उनकी जिम्मेदारी भी बहुत अधिक है।
उन्होंने सभी नव-नियुक्त चिकित्सकों से बेहतर कार्य करने, अपनी सेवाओं से लोगों का विश्वास जीतने और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार केवल नियुक्ति देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चिकित्सकों के कार्यों का लगातार आकलन करेगी।
जो चिकित्सक उत्कृष्ट कार्य करेंगे, उन्हें सम्मानित करने का भी प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि गांव-गांव तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही स्वास्थ्य विभाग में 10 हजार से अधिक पदों पर बहाली करने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए विशेषज्ञों और चिकित्सा अधिकारियों की जरूरत है और इस दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है।
आज रांची में JPSC द्वारा चयनित सहायक प्राध्यापकों, दन्त चिकित्सकों एवं NHM द्वारा चयनित संविदा आधारित चिकित्सा पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुआ।
आप सभी नव-चयनित को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। https://t.co/vNyzLukacI— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) September 25, 2025
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट साझा करते हुए सभी चयनित चिकित्सकों को बधाई दी। उन्होंने लिखा – “आज रांची में JPSC द्वारा चयनित सहायक प्राध्यापकों, दन्त चिकित्सकों एवं NHM द्वारा चयनित संविदा आधारित चिकित्सा पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुआ। आप सभी नव-चयनित को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।”