2.9 लाख का ऑर्डर… डिब्बा खोला तो निकला डिटर्जेंट! Amazon डिलीवरी के नाम पर क्या चल रहा है अंदरखाने खेल?
महंगी ग्राफिक्स कार्ड की जगह मिला सस्ता पैकेट, रिफंड में देरी के बाद ‘इंटरनल फ्रॉड’ का शक गहराया

ऑनलाइन शॉपिंग की दुनिया से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों के भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक शख्स स्वगत नायक ने दावा किया है कि उन्होंने Amazon से करीब 2.9 लाख रुपये की महंगी ग्राफिक्स कार्ड Gigabyte RTX 5090 ऑर्डर की थी, लेकिन जब डिलीवरी मिली तो डिब्बे के अंदर देखकर उनके होश उड़ गए। महंगे इलेक्ट्रॉनिक आइटम की जगह उसमें सिर्फ घड़ी डिटर्जेंट का पैकेट निकला।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह ऑर्डर ‘Fulfilled by Amazon’ था, यानी प्रोडक्ट कंपनी के अपने वेयरहाउस से पैक होकर भेजा गया था। ऐसे में इस तरह की गड़बड़ी ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्वगत नायक के मुताबिक, जब उन्होंने इस मामले में शिकायत की तो शुरुआत में कंपनी ने रिफंड देने से इनकार कर दिया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद और नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद कंपनी ने रिफंड का आश्वासन तो दिया, लेकिन अब तक उसमें लगातार देरी हो रही है। पहले 30 मार्च तक रिफंड का वादा किया गया, जिसे बाद में 7 अप्रैल तक टाल दिया गया।
रिफंड में देरी से परेशान होकर नायक ने खुद इस मामले की जांच शुरू की और कुछ चौंकाने वाले दावे किए। उनके अनुसार, जिस सेलर ‘Fab World Point’ के नाम पर इनवॉइस जारी हुआ, वह एक व्यक्ति मोहम्मद खालिद के नाम पर था। इसके अलावा इनवॉइस में 0% GST दिखाया गया, जो संदेह पैदा करता है। इतना ही नहीं, HSN कोड भी गलत बताया गया और GSTIN से जुड़े दो अलग-अलग बिजनेस सामने आए—एक कपड़ों का और दूसरा सीमेंट-टाइल्स का।
इन तमाम तथ्यों के आधार पर नायक ने इस पूरे मामले को एक संभावित ‘इंटरनल फ्रॉड’ करार दिया है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ एक गलती है या फिर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के अंदर कोई बड़ा खेल चल रहा है। इस घटना ने ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले लाखों लोगों को सतर्क जरूर कर दिया है।









