एक क्लिक की गलती, बैंक अकाउंट खाली… जानिए UPI ट्रांजैक्शन रिवर्सल के नियम और पैसे वापस पाने का पूरा रास्ता
गलत UPI पेमेंट और उड़ गए पैसे? 3 घंटे में नहीं किया ये काम तो रकम हो सकती है गायब!

नई दिल्ली।
आज के डिजिटल दौर में UPI ने जिंदगी आसान बना दी है, लेकिन एक छोटी सी चूक आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है। जल्दबाजी में गलत UPI ID, गलत मोबाइल नंबर या गलत QR कोड पर पैसे भेज देना अब आम हो चुका है। सबसे डरावनी बात यह है कि UPI ऐप में “Cancel” का कोई बटन नहीं होता, और तभी लोगों के हाथ-पैर फूल जाते हैं।
लेकिन घबराइए नहीं—अगर आपने समय रहते सही कदम उठा लिया, तो आपका पैसा वापस आने की पूरी संभावना रहती है।
गलती होते ही अलर्ट हो जाएं, 3 घंटे हैं सबसे अहम
बैंकिंग एक्सपर्ट्स के मुताबिक, गलत UPI ट्रांजैक्शन के बाद पहले 3 घंटे निर्णायक होते हैं। जैसे ही आपको एहसास हो कि पैसे गलत खाते में चले गए हैं:
तुरंत अपने बैंक कस्टमर केयर को कॉल करें
साथ ही उसी UPI ऐप (Google Pay, PhonePe, Paytm) में शिकायत दर्ज करें
जितनी जल्दी शिकायत, उतनी जल्दी ट्रैकिंग और रिवर्सल की प्रक्रिया शुरू होती है। देर होने पर मामला तकनीकी और कानूनी उलझनों में फंस सकता है।
रिसीवर पैसा लौटाने से मना करे तो अपनाएं सख्त रास्ता
अगर सामने वाला व्यक्ति फोन नहीं उठा रहा या पैसा लौटाने से मना कर रहा है, तो आप सरकारी मदद ले सकते हैं।
तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें
ट्रांजैक्शन डिटेल्स साझा करें
आपकी शिकायत के आधार पर अधिकारी रिसीवर के बैंक खाते को फ्रीज कराने का निर्देश दे सकते हैं। खाता फ्रीज होने के बाद वह व्यक्ति न तो पैसा निकाल पाएगा और न ही ट्रांसफर कर सकेगा।
इसके अलावा, आप रिसीवर के बैंक के नोडल ऑफिसर को लिखित शिकायत भी दे सकते हैं।
NPCI पोर्टल—आखिरी और सबसे मजबूत सहारा
अगर बैंक या UPI ऐप से समाधान नहीं मिलता, तो मामला NPCI (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) तक पहुंचाया जा सकता है।
NPCI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर
Grievance Portal में शिकायत दर्ज करें
ट्रांजैक्शन ID, बैंक स्टेटमेंट जैसे सबूत अपलोड करें
शिकायत के बाद आपको एक रेफरेंस नंबर मिलेगा, जिससे आप ऑनलाइन स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं।
भविष्य में पैसे डूबने से कैसे बचें?
बड़े भुगतान से पहले ₹1 ट्रायल ट्रांजैक्शन जरूर करें
हमेशा QR कोड स्कैन करके भुगतान करें
UPI ID और नाम को दो बार चेक करें









