झारखंड में शराबबंदी की मांग पर सियासत तेज, BJP बोली- सरकार पर अराजकता का आरोप, जानें आगे क्या होगा
Politics intensifies on the demand for liquor ban in Jharkhand, BJP says- Government accused of anarchy, know what will happen next

दुमका : झारखंड में शराबबंदी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र राय ने झारखंड में पूर्ण शराबबंदी की मांग करते हुए कहा है कि पार्टी इस पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में शराब जनजातीय समाज के लिए अभिशाप बन चुका है और इसके व्यापार पर रोक लगनी चाहिए।
शराबबंदी को लेकर भाजपा की स्पष्ट मांग
दुमका में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रविंद्र राय ने कहा शिबू सोरेन हमेशा कहते थे कि शराब झारखंड के लिए अभिशाप है, फिर मौजूदा सरकार इसे बढ़ावा क्यों दे रही है? उन्होंने कहा कि आदिवासी, दलित और हरिजन समुदाय शराब के कारण सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं और राज्य को बर्बाद करने वाली इस प्रवृत्ति को रोकना जरूरी है।
शराब नीति पर भाजपा की रणनीति
रविंद्र राय ने स्पष्ट किया कि भाजपा आने वाले समय में झारखंड में शराबबंदी पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को शराब के व्यापार की योजना बनाने की बजाय इस घिनौनी प्रवृत्ति से राज्य को बचाने के उपाय करने चाहिए।
सरना धर्म कोड पर भी भाजपा का समर्थन
रविंद्र राय ने कहा कि भाजपा हमेशा आदिवासी समाज की सांस्कृतिक निष्ठा और परंपराओं का सम्मान करती है। सरना धर्म कोड की मांग पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासी भाई हमारे अभिन्न अंग हैं। भाजपा उनकी पहचान और संस्कृति की रक्षा के लिए कृतसंकल्प है, लेकिन निर्णय राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि सांस्कृतिक सम्मान के लिए होंगे।
झारखंड में बढ़ती अराजकता और भ्रष्टाचार पर भाजपा का हमला
पूर्व सांसद रविंद्र राय ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में अराजकता का माहौल है, चारों ओर भ्रष्टाचार व्याप्त है और जनता का सरकार से भरोसा उठ चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि ‘बिना राजनीतिक संरक्षण के कोई भी अधिकारी भ्रष्टाचार नहीं कर सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर नहीं उतर रही हैं, और चुनावी योजनाओं के चलते असली विकास कार्य रुक गए हैं’।
भाजपा का उद्देश्य : राज्य को भ्रष्ट शासन से मुक्ति
रविंद्र राय ने कहा कि भाजपा झारखंड की जनता को इस भ्रष्ट शासन से मुक्ति दिलाने के लिए जागरूकता और एकजुटता अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस भ्रष्टाचार और अराजकता के खिलाफ भाजपा के साथ खड़े हों।