…अब आधार अपडेट करना हो गया महंगा, जानिये अब कितनी देनी पड़ेगी कीमत, इस काम के 700 रुपये तक …

Aadhar Card Update News: UIDAI ने आधार कार्ड अपडेट कराने की फीस बढ़ा दी है। डेमोग्राफिक अपडेट अब 75 रुपए, बायोमेट्रिक अपडेट 125 रुपए और डॉक्यूमेंट अपडेट 75 रुपए में होंगे। घर पर एनरोलमेंट की सुविधा के लिए 700 रुपए चुकाने होंगे। बच्चों के कुछ मामलों में फीस अभी भी मुफ्त रहेगी।

आधार अपडेट पर नई फीस लागू
ई दिल्ली। यदि आप अपना आधार कार्ड अपडेट (Aadhaar Card Update) कराने की सोच रहे हैं, तो अब आपको पहले से अधिक शुल्क चुकाना होगा। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने 1 अक्टूबर 2025 से आधार से जुड़ी सभी अपडेट फीस बढ़ा दी है। यह नई फीस 30 सितंबर 2028 तक लागू रहेगी, और अक्टूबर 2028 में इसे दोबारा समीक्षा के बाद संशोधित किया जा सकता है। UIDAI के मुताबिक, आधार धारकों को अब डेमोग्राफिक और बायोमेट्रिक अपडेट पर ज्यादा खर्च करना होगा।

अपडेट प्रकार और नई फीस
1. डेमोग्राफिक अपडेट:
नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या ईमेल जैसे बदलावों के लिए 75 रुपए देने होंगे। पहले यह शुल्क 50 रुपए था। अगर डेमोग्राफिक अपडेट बायोमेट्रिक अपडेट के साथ किया जाए तो कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा।
2. बायोमेट्रिक अपडेट:
फिंगरप्रिंट, आईरिस या फोटो अपडेट करने पर अब 125 रुपए देने होंगे। UIDAI ने बताया कि अक्टूबर 2028 से यह बढ़कर 150 रुपए हो सकता है।
3. डॉक्यूमेंट अपडेट:
आईडी प्रूफ और एड्रेस प्रूफ अपडेट करने की सुविधा myAadhaar पोर्टल पर 14 जून 2026 तक फ्री रहेगी। एनरोलमेंट सेंटर पर इसका शुल्क अब 75 रुपए है, पहले यह 50 रुपए था।
4. आधार प्रिंट आउट:
eKYC और अन्य टूल्स के जरिए प्रिंट आउट के लिए पहले चरण में 40 रुपए और दूसरे चरण में 50 रुपए देने होंगे।

बच्चों के लिए फीस में छूट
UIDAI ने बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट को बढ़ावा देने के लिए कुछ आयु वर्ग में अपडेट मुफ्त कर दिया है।
• 5 से 7 साल तक के बच्चों का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट फ्री है।
• 7 से 15 साल तक के बच्चों का सामान्य 125 रुपए का चार्ज 30 सितंबर 2026 तक माफ किया गया है।
• 15 से 17 साल के किशोरों का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट भी फ्री है।
इस कदम का उद्देश्य बच्चों की लंबित अपडेटिंग को कम करना है।

घर पर एनरोलमेंट की सुविधा
UIDAI अब उन लोगों के लिए घर पर सेवा भी प्रदान करेगा जो एनरोलमेंट सेंटर नहीं जा सकते। इसके लिए शुल्क 700 रुपए (GST सहित) होगा। अगर उसी पते पर कई लोग सेवा लेते हैं, तो पहले व्यक्ति से 700 रुपए लिए जाएंगे और बाकी प्रत्येक सदस्य से 350 रुपए।

आधार धारकों के लिए क्या बदलता है?
इन नए नियमों के लागू होने के बाद, अब आधार कार्ड से जुड़ी अधिकांश सेवाओं के लिए पहले से ज्यादा भुगतान करना होगा। बच्चों के कुछ मामलों को छोड़कर, डेमोग्राफिक, बायोमेट्रिक और डॉक्यूमेंट अपडेट पर शुल्क बढ़ गया है। आधार धारकों को 1 अक्टूबर 2025 से इन नई फीस को ध्यान में रखकर ही बदलाव कराने चाहिए।

Related Articles