अब देवघर से मुंबई की सीधी फ्लाईट, अब से कुछ देर बाद इंडिगो का प्लेन भरेगा उड़ान, जानिये कितना होगा मुंबई से देवघर का किराया?
Now direct flight from Deoghar to Mumbai, Indigo plane will start flying after some time from now, know how much will be the fare from Mumbai to Deoghar?

Mumbai To Deoghar Flight: देवघर में लगातार उड़ान सेवाओं में विस्तार हो रहा है। आज देवघर के हवाई सफर में आज एक और तमगा जुड़ जायेगा। मुंबई से देवघर की फ्लाइट शुरू होने वाली है। खुद गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने इसकी जानकारी दी है। निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया हैंडल पर कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर मुंबई से इंडिगो की पहली सवारी देवघर आयेगी।
निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया मे जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री की देन देवघर एयरपोर्ट पर आज मुम्बई से इंडिगो की पहली सवारी आएगी। सुबह 10.30 में केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री राम नायडू मुम्बई के प्लेन को दिल्ली से ऑनलाइन झंडी दिखाएँगे ।मैं भी उनके साथ दिल्ली में मौजूद रहूँगा ।आने जाने वाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएँ ।इतने कम समय में देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली,मुम्बई,बंगलुरू,कोलकाता,पटना व रांची जैसे शहरों से विमान का आना अंग प्रदेश के विकास में चार चाँद लगा रहा है।
मंगलवार से देवघर-मुंबई के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू हो रही है। यह सेवा सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार उपलब्ध होगी। देवघर से मायानगरी की यात्रा महज दो घंटा 40 मिनट में पूरी होगी। मुंबई से यह विमान दोपहर एक बजे देवघर लैंड करेगी और दोपहर 1:30 बजे टेकआफ करेगी। मंगलवार को 164 यात्री देवघर आएंगे और 163 यात्री मुंबई जाएंगे।
पहले दिन पहुंच रहे यात्रियों को प्रति टिकट 8406 रुपया चुकता करना पड़ रहा है। देवघर से मुंबई जाने वाले यात्री को एक सौ रुपया अधिक यानी 8591 रुपया प्रति टिकट देना पड़ेगा।देवघर एयरपोर्ट पर इस विमान सेवा के शुभारंभ को लेकर भव्य तैयारी की गई है। पहले दिन मुंबई जाने वाले यात्रियों को गुलाब का फूल भेंट किया जाएगा। केक भी कटवाया जाएगा।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 जुलाई, 2022 को एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। सांसद डॉ. निशिकांत दुबे देवघर एयरपोर्ट से यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं। कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिये मुंबई से गोवा की यात्रा महज एक घंटे में पूरी होगी। गोवा की कनेक्टिंग फ्लाइट के लिए देवघर से 10,600 रुपया किराया प्रति व्यक्ति देना पड़ेगा। दोपहर डेढ़ बजे देवघर से उड़ान भरकर चार बजकर दस मिनट पर मुंबई। और मुंबई से शाम 6:45 में उड़ान भरकर शाम 7:55 पर गोवा पहुंच सकेंगे।