सदन में नीतीश कुमार का RJD पर हमला: ‘अब कभी आपके साथ नहीं आएंगे’, विपक्ष ने पलटवार किया…

बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र का चौथा दिन गुरुवार को रंगीन और विवादित रहा। सदन में सीएम नीतीश कुमार ने आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र को सीधे संबोधित करते हुए कहा कि, “हमने आपको बीच-बीच में साथ रखा, लेकिन आप लोग गड़बड़ करने लगे, इसलिए अब कभी आपके साथ नहीं आएंगे।”
नीतीश कुमार ने आरोप लगाया कि आरजेडी लगातार गड़बड़ी कर रही है और इसे संभालने के लिए सरकार ने उन्हें छोड़ दिया।
आरजेडी ने दिया तगड़ा जवाब
नीतीश कुमार के बयान पर आरजेडी की ओर से पलटवार किया गया। आरजेडी के सचेतक कुमार सर्वजीत ने कहा, “आपकी कौन सी बात हम लोग मानें? जब आप हमारे साथ होते हैं, तो कहते हैं कि बीजेपी संविधान खत्म कर देगी, और जब आप बीजेपी के साथ जाते हैं, तो कहते हैं कि केंद्र सरकार बिहार का सहयोग कर रही है।”
नीतीश कुमार ने गिनाए अपने काम
सीएम ने सदन में बिहार में अपने पिछले 20 साल के कार्यों का विवरण भी दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में अब डर का माहौल नहीं है और पहले होने वाले हिंदू-मुस्लिम झगड़ों को रोकने में सफलता मिली। उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए बताया कि बिहार में कई नए स्कूल खोले गए और अब नियोजित शिक्षकों की संख्या 5 लाख 20 हजार हो गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सुधार हुआ है। 2006 से पीएचसी में मुफ्त दवा और इलाज की व्यवस्था शुरू की गई, जहां हर महीने 11,000 से अधिक मरीज आते हैं। इसके अलावा, हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। पीएमसीएच को 2500 बेड का हॉस्पिटल और आईजीआईएमएस को 3000 बेड का हॉस्पिटल बनाया जा रहा है।
बुनियादी ढांचे में प्रगति
सीएम ने बताया कि राज्य में पुल, पुलिया और 5 एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है, जिससे बिहार के विभिन्न हिस्सों से पटना केवल 5 घंटे में पहुंचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसे और बेहतर बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं।









