झारखंड : चाईबासा में नक्सलियों का हमला…मोबाइल टावर फूंककर किया लाखों का नुकसान, इलाके में दहशत
Naxalites attack Chaibasa...causing damage worth lakhs by blowing up mobile tower, creating panic in the area

पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र हरपुर प्रखंड के जराइकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव से एक बड़ी खबर सामने आई है. बीते शनिवार की रात हथियारबंद नक्सलियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए गांव में स्थापित मोबाइल टावर के उपकरणों में आग लगा दी. इस कायराना हरकत में लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर पूरी तरह से राख हो गए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, दर्जनों की संख्या में पहुंचे हथियारबंद नक्सलियों ने सबसे पहले टावर स्थल को घेर लिया. इसके बाद, उन्होंने वहां रखे जेनरेटर, बैटरी सेट और सभी इलेक्ट्रॉनिक तारों को निशाना बनाते हुए आग लगा दी.
बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि डीजी सेट, बैटरी बैंक और टावर से जुड़े अन्य सभी उपकरण देखते ही देखते जलकर खाक हो गए. नक्सलियों की इस करतूत से न सिर्फ कंपनी को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि इलाके की संचार व्यवस्था भी पूरी तरह से ठप हो गई है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस दल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि नक्सली किस संगठन से जुड़े थे और इस वारदात के पीछे उनका क्या मकसद था. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में एक बार फिर दहशत का माहौल है. पुलिस ने जल्द ही दोषियों को पकड़ने का दावा किया है.









