दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न दिलाने की मांग…राष्ट्रीय युवा शक्ति ने सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकात
Demand to give Bharat Ratna to Dishom Guru Shibu Soren... Rashtriya Yuva Shakti met CM Hemant Soren

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को राष्ट्रीय युवा शक्ति के प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 5 से 7 सितंबर तक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा से रांची तक पदयात्रा का आयोजन किया गया था।
इस पदयात्रा का उद्देश्य शिबू सोरेन के त्याग, समर्पण, नशा उन्मूलन के प्रयासों, पर्यावरण संरक्षण और समाज सुधारक के रूप में उनके योगदान को याद करना था।
भारत रत्न और प्रतिमा स्थापना की पहल की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि झारखंड के सपूत शिबू सोरेन को भारत रत्न से अलंकृत कराने के लिए राज्य सरकार केंद्र से पहल करे। साथ ही, रांची के कांके डैम या हटिया डैम के पास उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की भी मांग रखी गई।
सदस्यों ने कहा कि यह कदम न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान होगा।
सीएम को सौंपी गई नेमरा की पवित्र मिट्टी
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा की पवित्र मिट्टी भेंट की। इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा शक्ति के अध्यक्ष उत्तम यादव समेत संगठन के कई सदस्य मौजूद थे।









