झारखंड में निकाय चुनाव अप्रैल-मई तक संभव, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव आयोग एक्शन में…

Jharkhand Local Body Election। हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद अब झारखंड में निकाय चुनाव के आसार बंधते दिख रहे हैं। माना जा रहा है अप्रैल-मई में निकाय चुनाव हो सकता है। झारखंड में वर्तमान में नगर निकायों की संख्या 49 है। जहां चुनाव नहीं होने की वजह से जनप्रतिनिधियों के बजाय अधिकारियों के भरोसे कामकाज चल रहा है। इन नगर निकायों में 13 ऐसे हैं जहां 2020 से ही चुनाव लंबित हैं।
आयोग के द्वारा नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के विभिन्न पदों के लिए होनेवाले चुनाव के लिए वार्डों के पुर्नगठन का काम किया जा रहा है। आपको बता दें कि रांची सहित शेष अन्य नगर निगम एवं निकायों में 2022 से चुनाव लंबित हैं। चुनाव नहीं होने से केंद्र से मिलने वाली राशि पर रोक लगा दी गई है।
राज्य सरकार का मानना है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुरूप ओबीसी ट्रिपल टेस्ट के बाद ही चुनाव कराए जाएंगे। झारखंड हाई कोर्ट के फैसले के बाद एक तरफ ओबीसी ट्रिपल टेस्ट में तेजी आई है तो वहीं दूसरी ओर राज्य निर्वाचन आयोग ने भी चुनाव को लेकर तैयारी प्रारंभ करते हुए जल्द से जल्द इसे लेने का निर्णय लिया है।
भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी 2024 के मतदाता सूची को आधार बनाया गया है। इसके आधार पर वार्ड स्तरीय मतदाता सूची का निर्माण के साथ वार्ड गठन की प्रक्रिया शुरू की गई है। उम्मीद है कि दो महीने में तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। वार्डों के पुनर्गठन के बाद आरक्षण का वर्तमान स्वरूप भी बदलेगा।









