सांसद के ड्राइवर ने जमकर काटा बवाल, बोनट पर लटकाकर 3 KM तक दौड़ाई कार

नयी दिल्ली। बिहार के सांसद की गाड़ी के ड्राइवर ने दिल्ली में जमकर बवाल मचाया। इसका एक वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 11 बजे आश्रम चौक से निजामुद्दीन दरगाह की ओर आ रही एक कार के बोनट पर एक व्यक्ति को करीब 2-3 किलोमीटर तक घसीटा गया। आरोपी बिहार के सांसद का ड्राइवर है। इसमें दिख रहा है कि एक शख्स सांसद की कार की बोनेट पर लटका दिख रहा है। ड्राइवर बोनेट पर शख्स को देखने के बाद भी कार दौड़ाता रहता है।
वो करीब 2 से 3 किलोमीटर तक उसे इसी तरह से लेकर गाड़ी दौड़ाता रहता है। पूरा मामला रविवार रात का है। कार का नंबर BR 25 PA 2935 है। कार में सांसद का स्टीकर लगा है। ये गाड़ी बिहार के नवादा से रालोजपा सांसद चंदन सिंह की है। चंदन सिंह बाहुबली नेता सूरजभान सिंह के भाई हैं। हालांकि जिस वक्त ये हादसा हुआ उस समय गाड़ी वो मौजूद नहीं थे। कल शाम ही सांसद चंदन सिंह दिल्ली से पटना लौटे हैं। उन्होंने कहा कि जो उचित कार्रवाई हो, वो करनी चाहिए।
इस मामले में सनलाइट कॉलोनी थाने में लापरवाही से तेज वाहन चलाने और जान जोखिम में डालने से संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में पीड़ित व्यक्ति चेतन ने कहा, “मैं ड्राइवर हूं, मैं एक यात्री को छोड़कर जैसे आश्रम के पास पहुंचा तो एक कार ने मेरी कार को तीन बार हिट किया, फिर मैंने इन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन ये नहीं रोके फिर मैं इनके बोनट के ऊपर लटक गया लेकिन फिर भी इन्होंने नहीं रोका। वह मुझे आश्रम चौक से निजामुद्दीन तक घसीटता गया। रास्ते में मैंने एक पीसीआर देखा और उन्होंने हमारा पीछा किया तब जाकर ये कार रोकी। वह व्यक्ति पूरी तरह से नशे में था।”









