Mosquito Remedies: गर्मियों में मच्छर से हैं परेशान, तो ये देसी तरीका अपनायें, पास भी नहीं आयेंगे मच्छर

रांची। मच्छरों के आतंक से तो हर कोई परेशान रहता है, ऐसे में कुछ लोग मच्छर मारने के लिए कॉयल, लिक्वि ड या स्प्रे का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन फिर भी कोई फायदा नहीं होता है. पर क्या आप जानते हैं कि इन कैमिकल पदार्थों का इस्तेमाल करने से शरीर को कितना नुकसान पहुंच सकता है. आपकी लाख कोशिशों के बाद भी ये मच्छर घर में घुसकर डेंगू, मलेरिया और येलो फीवर जैसी घातक बीमारियों को फैलाने से बाज नहीं आते हैं. इन कैमिकल युक्त स्प्रे, कॉयल आदि से निकलने वाला धुआं शरीर के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकता है, जो शरीर में पहुंचकर सांस लेने जैसी दिक्कतें पैदा कर सकता है. इन सबसे बचने के लिए आप कुछ घरेलू उपायों का इस्तेमाल करके भी मच्छरों से छुटकारा पा सकते हैं।
नींबू के साथ लौग का करें इस्तेमाल
मच्छरों से मुक्त घर पाने के लिए एक आजमाया और परखा हुआ तरीका है कि आप नींबू के साथ लौंग का प्रयोग कर सकते हैं. मच्छर लौंग और खट्टी चीजों की गंध से नफरत करते हैं. एक नींबू को दो भागों में काटकर इसके बीच लौंग को रख दें और एक प्लेट पर रखकर मच्छरों वाली जगह के आसपास रख दें. यह मच्छर से छुटकारा पाने का प्राकृतिक तरीका है और इससे आपको किसी तरह का नुकसान भी नहीं पहुंचेगा.
लहसुन से दूर भागेंगे मच्छर
मच्छरों को भगाने के लिए लहसुन भी एक बेहतर विकल्प है। इसके लिए लहसुन की दो से चार कलियों को हल्का सा मसलकर पानी में उबाल लें। पानी के ठंडा हो जाने के बाद इसे एक स्प्रे बोतल में भर लें और घर के हर कोने पर थोड़ा-थोड़ा छिड़क दें। इस तरीके से भी मच्छर को भगाने में मदद मिल सकती है।
शराब-बीयर से भागेंगे मच्छर
मच्छरों पर नियंत्रण पाने के लिए आप बीयर या शराब का इस्तेमाल कर सकते हैं. क्योंकि मच्छर बीयर और शराब की गंध को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं और वे घर से भाग जाएंगे। तेज गंध वाली चीजों से मच्छर हमेशा दूर भागते हैं।
कपूर से सुकून से सो पायेंगे आप
पूजा में इस्तेमाल होने वाला कपूर मच्छरों से निजात पाने में आपकी मदद कर सकता है। इतना ही नहीं, रात भर मच्छरों को दूर भगाने के लिए आपको केवल एक कपूर की टिक्की की जरूरत होगी। हालांकि, ध्यान रहे कि कपूर को जलाते वक्त आप कमरे की हर खिड़की और दरवाजे को अच्छे से बंद कर लें। कपूर की खुशबू से एक भी मच्छर आपके आसपास भी नहीं भटकेगा।
गेंदे का फूल करें इस्तेमाल
वहीं, अगर आप खुली छत के नीचे सोते हैं, तो मच्छर भगाने में गेंदे के फूल का सहारा ले सकते हैं। सोते वक्त आप अपने आसपास कुछ गेंदे के फूलों को रखें, इसकी खुशबू मच्छरों को दूर भगाने में आपकी मदद कर सकती है। इतना ही नहीं, गेंदे की खुशबू आपको मच्छर के साथ कई अन्य तरह के कीड़ों से भी बचाती है।
लैवेंडर ऑयल से पास नहीं आयेंगे मच्छर
बता दें कि मच्छरों को दूर भगाने के लिए जिस मॉस्किटो रिपेलेंट्स का यूज किया जाता है, उसमें लैवेंडर ऑयल का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आप भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। ये मच्छरों को भगाने के साथ-साथ आपके घर को महकाने का भी काम करेगा।
तुलसी के पेड़ से मच्छर रहेंगे दूर
लगभग हर भारतीय के घर में तुलसी का पेड़ पाया जाता है। तुलसी में कई औषधीय गुण होते हैं जो कई तरह की बीमारियों के असर को कम करने में असरदार साबित होते हैं। वहीं, तुलसी का पौधा घर में आने वाले मच्छरों को भी दूर भगाने में सहायक होता है। ऐसे में आप इसके रस को शरीर पर लगाकर सो सकते हैं। इससे मच्छर आपके आसपास नहीं आएंगे।
साबुन के पानी के घोल का इस्तेमाल
क्या आप जानते हैं कि साबुन के पानी का घोल मच्छर से छुटकारा पाने का एक नैचुरल तरीका है. एक बर्तन में साबुन या डिटर्जेंट का अच्छी तरह से घोल बनाकर रख दें. जब मच्छर पानी की ओर आकर्षित होंगे तो वे साबुन के पानी पर बैठेंगे और बुलबुले में फंसकर मर जाएंगे. इससे घर को मच्छर मुक्त किया जा सकता है।









