झारखंड में फिर से सक्रिय हुआ मानसून, 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Monsoon becomes active again in Jharkhand, heavy rain warning in 13 districts

रांची : बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण झारखंड में मानसून दोबारा सक्रिय (Jharkhand Monsoon Alert ) हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसके मद्देनज़र येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं।

 आज भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट

आज रांची, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर और दुमका जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी है।

25 जुलाई को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट

 

मौसम विभाग के अनुसार, 25 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बहुत भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, रांची, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, साहेबगंज, पाकुड़ और गोड्डा में मध्यम से भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका है, जहां येलो अलर्ट जारी किया गया है।

26 जुलाई को रांची और आसपास के जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

26 जुलाई को रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज हवाएं, और वज्रपात की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।

27 जुलाई को गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा में ऑरेंज अलर्ट

 

27 जुलाई को लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में बहुत भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, गढ़वा और पलामू जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जहां येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

28 जुलाई तक बनी रहेगी वर्षा की स्थिति

 

28 जुलाई तक पूरे राज्य में मानसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

अब तक वर्षा का आंकड़ा

 

राज्य में 1 जून से अब तक कुल 647.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बुधवार को सबसे अधिक बोकारो में 11 मिमी और रांची में 5 मिमी तेज बारिश हुई। देर रात चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ सहित कई जिलों में वर्षा दर्ज की गई।

Related Articles