झारखंड में मानसून सक्रिय, रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना, येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

Monsoon active in Jharkhand, possibility of heavy rain and thunderstorm in many districts including Ranchi, yellow and orange alert issued

झारखंड में मानसून फिर सक्रिय

रांची। झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी और ओड़िशा तट पर बने निम्न दबाव का असर राज्य में दिख रहा है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त तक कई जिलों में गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और भारी बारिश की संभावना जताई है।

19 अगस्त को राज्य के कई इलाकों में घने बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश हुई। 20 अगस्त को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई। वहीं 21 अगस्त को रामगढ़, रांची, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा और साहेबगंज में वज्रपात के साथ भारी बारिश का अनुमान है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

22 अगस्त के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 22 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। इसके अलावा लोहरदगा, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है, जहां येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हाल की बारिश का रिकॉर्ड

पिछले 24 घंटे में गोइलकेरा (पश्चिम सिंहभूम) में सबसे अधिक 36.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा:

  • जमशेदपुर: 11 मिमी

  • बोकारो: 10 मिमी

  • रांची: 3 मिमी

  • मेदिनीनगर: 1 मिमी

सामान्य से 27% अधिक बारिश

इस मानसून (1 जून से अब तक) झारखंड में कुल 888.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य वर्षापात 700.5 मिमी है। यानी इस बार राज्य में अब तक 27% अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

  • रांची: 1094.2 मिमी (सामान्य से 52% अधिक)

  • पूर्वी सिंहभूम: 1330 मिमी (सामान्य से 76% अधिक)

Related Articles