अनुसचिवीय कर्मचारी संघ की बैठक संपन्न, 28 सूत्री मांगों को लेकर 21 मई तक का दिया अल्टीमेटम.. पढ़िए क्या है मांग

रांची । झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ समाहरणालय संवर्ग के राज्य कार्यकारिणी की बैठक रामगढ़ के होटल सिद्धि विनायक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश रंजन दुबे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश महासचिव बीरेंद्र कुमार यादव कोषाध्यक्ष अशोक कुमार दास एवं राज्य कार्यकारिणी तथा विभिन्न जिलों के जिला सचिव और जिला अध्यक्ष मौजूद थे।
बैठक में 28 सूत्री मांग को लेकर आगे के आंदोलन की रणनीति पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुआ। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सरकार 21 मई 2023 तक उनकी मांगों को पूरा नहीं करते हैं तो 22 मई 2023 से झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ समाहरणालय संवर्ग अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे। इस संबंध में हर प्रकार का निर्णय लेने के लिए राज्य कार्यकारिणी को अधिकृत कर दिया गया। इस बीच सरकार से एक डेलिगेशन मिलने का भी निर्णय लिया गया।

समाहरणालय संवर्ग की प्रमुख मांगें निम्नवर्गीय लिपिकों का ग्रेड वेतन 2400 करने, कार्यालय में आवश्यकता के अनुरूप पद सृजित करने, सभी जिलों में अधिसूचना संख्या 5028 दिनांक 15.06.2016 के आलोक में अविलंब प्रोन्नति देने, चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों को लिपिक के पद पर प्रोन्नति देने, समाहरणालय एवं संलग्न कार्यालयों में संविदा और आउटसोर्सिंग के आधार पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियमित करना आदि है।

बैठक में पांच जिलों रांची, साहिबगंज, सिमडेगा, सरायकेला और चाईबासा में संपन्न जिला स्तरीय चुनाव को संपुष्ट किया गया। सर्वसम्मति से शिवनंदन प्रसाद सिंह और बसंत कुमार सिंह को संघ का संरक्षक मनोनीत किया गया।
साथ ही श्री बसंत कुमार सिंह महासचिव के सेवानिवृत्त हो जाने के उपरांत श्री बिरेंद्र कुमार यादव वर्तमान कार्यकारी महासचिव को झारखंड अनुसचिवीय कर्मचारी संघ समाहरणालय संवर्ग के प्रदेश महासचिव के पद पर निर्वाचित घोषित किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से आलोक कुमार, रेणु तिर्की, रघुवीर कौशिक, विनय आनंद टोप्पो, नवीन कुमार, सुनीता पूर्ति, संजय बक्शी, अभय तिर्की, गोपाल कुमार, अनवर अंसारी आदि ने सभा को संबोधित किया। मंच संचालन माशूक अली और विजय कुमार रविदास ने किया।

Related Articles

close