मौसम विभाग : देशभर में तेज़ बारिश का दौर, कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी
Meteorological Department: Heavy rains across the country, Orange alert issued in many states

भारत के कई हिस्सों में मौसम ने फिर बदला रुख और अगले कुछ दिनों तक तेज़ बारिश की चेतावनी दी गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी और पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम और मेघालय में भी भारी बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में कई राज्यों में भारी बारिश हुई। खासतौर पर तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, गोवा, सौराष्ट्र, मराठवाड़ा और यनम में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, बिहार, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, झारखंड और अंडमान-निकोबार में भी भारी बारिश दर्ज की गई।
पूर्वी और मध्य भारत में अगले 1-2 दिनों में पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और गंगा तटीय पश्चिम बंगाल में भारी वर्षा की संभावना है। कई क्षेत्रों में गरज और बिजली गिरने के साथ तेज़ हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत में उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी तेज़ बारिश का पूर्वानुमान है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में सामान्य से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर फिलहाल जारी रहेगा। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।