झारखंड में मौसम विभाग ने दे दी अपडेट, जानिये कब से पड़ेगी ठंड, मानसून की हो गयी विदाई, दिवाली और छठ पर मौसम .

The Meteorological Department has given an update in Jharkhand, know when it will start getting cold, monsoon has bid farewell, weather on Diwali and Chhath.

Jharkhand Weather Update : झारखंड में मौसम से जुड़ी एक बड़ी अपडेट है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आधिकारिक रूप से झारखंड राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की घोषणा कर दी है। इस वर्ष मानसून 17 जून 2025 को झारखंड में पहुँचा था और अब 13 अक्टूबर 2025 तक राज्य में मानसूनी गतिविधियों का समापन हो गया है।

 

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून के जाने के साथ ही अब राज्य शुष्क और ठंडे मौसम की ओर बढ़ रहा है, जिससे सुबह और शाम की ठंडक का अनुभव लोगों को महसूस होगा। दीवाली के बाद लोगों को ठंड का अहसास होने लगेगा, वहीं छठ में हल्की गुलाबी ठंडक लोग महसूस करेंगे।

 

मानसून की वर्षा का आंकलन

मौसम केंद्र रांची के वरीय मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, इस वर्ष झारखंड में मानसून की कुल अवधि 118 दिन रही। इस दौरान राज्य में कुल वर्षा 1243.9 मिमी दर्ज की गई, जो सामान्य औसत वर्षा 1009 मिमी से 23% अधिक रही। इस वर्षा को अधिक्य वर्षा (Excess Rain) की श्रेणी में रखा गया है।

यदि केवल 01 जून से 30 सितंबर तक की मानसूनी वर्षा देखें तो राज्य में कुल वर्षा 1198.8 मिमी रही, जो सामान्य औसत 1022.9 मिमी से 17% अधिक थी। झारखंड के 24 जिलों में से:

• 08 जिलों में अधिक्य वर्षा (Departure +20% से +59%)

• 15 जिलों में सामान्य वर्षा (Departure -19% से +19%)

• 01 जिले में कम वर्षा (Departure -20% से -59%) हुई।

सबसे अधिक वर्षा पूर्वी सिंहभूम जिले में 1666.1 मिमी (+52%) दर्ज की गई, जबकि सबसे कम वर्षा गोड्डा जिले में 750.5 मिमी (-18%) रही।

 

मानसून के बाद मौसम का बदलाव

मानसून के विदाई के बाद झारखंड में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा। रांची मौसम केंद्र ने बताया कि अब राज्य में सुबह और शाम के समय ठंडक का अहसास होगा। खासकर पहाड़ी और जंगल वाले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के कारण लोग ठंडक महसूस करेंगे।

मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग अब हल्के गर्म कपड़े पहनकर सुबह और शाम के समय ठंडक से बचाव करें। इसके अलावा, फसल और बागवानी में भी शुष्क मौसम के अनुसार तैयारियां करनी होगी।

Related Articles

close