मंईया सम्मान योजना : 20 लाख महिलाओं की मंईया सम्मान योजना राशि अटकी, मिलेगा भी या नहीं? कोई नहीं दे रहा जवाब
Maiya Samman Yojana: Maiya Samman Yojana amount of 20 lakh women is stuck, will they get it or not? No one is giving any answer

Maiya Samman Yojana : मंईया सम्मान योजना को लेकर अब तक पेंच खत्म नहीं हुआ है। सरकार के आदेश के बावजूद अब तक 20 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में पैसा नहीं पहुंचा है। नया वित्तीय वर्ष शुरू हो चुका है। ऐसे महिलाओं को डर सता रहा है कि पिछले वित्तीय वर्ष का पैसा नये वित्तीय वर्ष में मिलेगा या नहीं। 20 लाख से अधिक महिलाएं अब भी राशि के इंतजार में बैठी हैं।
कैबिनेट ने फैसला लिया था कि 31 मार्च तक सभी का भुगतान कर दिया जाये। लेकिन हेमंत कैबिनेट की मंजूरी के बावजूद महिलाओं को पैसे नहीं मिले हैं। 25 मार्च 2025 को हुई झारखंड कैबिनेट की बैठक में मंईयां सम्मान योजना के सभी लाभुकों को राशि भेजने का निर्णय लिया गया था।
आधार कार्ड के बैंक अकाउंट से लिंक नहीं रहने पर भी लाभुकों को 3 माह की राशि 7500 रुपए (प्रति माह 2500 रुपए की दर से) भुगतान करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी थी। आधार नंबर के बैंक खाता से लिंक नहीं होने के कारण शुरुआत में केवल 38.34 लाख लाभुकों को ही योजना के पैसे भेजे गये।
आपको बता दें कि 20.60 लाख लाभुकों के बैंक अकाउंट और आधार के लिंक न होने के कारण होल्ड पर रखा गया था। अब तक उनके अकाउंट में ये पैसे नहीं आये। हालांकि इसकी वजह क्या है, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। इधर महिलाएं भुगतान के लिए लगातार दफ्तर के चक्कर लगा रही है।
लेकिन उन्हें जवाब नहीं मिल रहा है। इससेप हले आधार कार्ड बैंक अकाउंट से लिंक करवाने के लिए 31 मार्च 2025 अंतिम तिथि थी, जिन लाभुकों ने 31 मार्च 2025 तक अपने आधार कार्ड को बैंक अकाउंट से लिंक नहीं करवाया, उन्हें पैसे मिलने की उम्मीद अब कम है।
कैबिनेट की बैठक में जो प्रस्ताव पास हुआ, उसमें साफ कहा गया है कि 31 मार्च तक आधार कार्ड को बैंक अकाउंट से लिंक नहीं करवाने वाले लाभुकों को योजना का लाभ नहीं मिलेगा। जाहिर है इस मुद्दे पर महिलाओं की उम्मीदें भी टूटती जा रही है। वहीं इस मामले में भाजपा लगातार महिलाओं के साथ खड़े होने का दावा कर रही है। ये मुद्दा विधानसभा में भी गूंजा था।