झारखंड में बेमौसम की बारिश बनी जानलेवा, कई लोगों की चली गयी जान, कई हैं घायल
Unseasonal rain became fatal in Jharkhand, many people lost their lives, many are injured

Jharkhand Weather Update : झारखंड में बेमौसम की बारिश जानलेवा बन गयी है। आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की जान चली गयी, जबकि कई लोग घायल हो गये। हालांकि आज कल में अब मौसम साफ हो जायेगा और फिर तेज गरमी का कहर देखने को मिलेगा। जानकारी के मुताबिक घायल लोगों का इलाज चल रहा है।
आपको बता दें कि गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश में कई जगहों पर तेज बारिश हुई। इस दौरान कई जगहों पर वज्रपात भी हुई। हालांकि मौसम में आये बदलाव से लोगों को गरमी से राहत तो मिली, लेकिन वज्रपात ने कई जगहों पर लोगों की जान ले ली।
जानकारी के मुताबिक आकाशीय बिजली गिरने से राज्य में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में हजारीबाग के पदमा निवासी शिवपूजन साहू, राजकुमार साहू, छोटे साव, चरही के गंगो किस्कू, गुमला के तुरिया उरांव और पतरातू (रामगढ़) के अभिलाष कुमार शामिल हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया था। वहीं, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली थी। विभाग के मुताबिक, 14 अप्रैल तक लोगों को आंधी-बारिश से राहत मिलने वाली नहीं है।
जानकारी के मुताबिक इस दौरान कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। लातेहार के गनु यादव, हजारीबाग की मालती देवी, चतरा की बसंती देवी, डहुरी के चेतलाल यादव और मुन्नी यादव घायल हैं। आज भी प्रदेश के कुछ हिस्सों पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, हजारीबाग और लोहरदगा हिस्सों को छोड़कर शेष भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।