इश्क बना खौफनाक साजिश… मां बनी रास्ते की दीवार तो बेटी ने उठाया ऐसा कदम, एक साल तक घर में छुपा रहा राज

गुमशुदगी का नाटक करती रही बेटी, उसी घर में जीती रही सामान्य जिंदगी जहां दीवारों के पीछे दफन था सच
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से सामने आया यह मामला रिश्तों को झकझोर देने वाला है, जहां एक बेटी ने अपने ही प्रेम प्रसंग के लिए ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया, जिसे सुनकर हर कोई सन्न रह गया। जवाहर नगर इलाके के भारत नगर क्षेत्र में हुई इस घटना में युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मां अंजू की हत्या कर दी और फिर इस सच को छिपाने के लिए ऐसा खेल खेला, जो किसी भी आम इंसान के सोच से परे है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका अंजू अपनी बेटी के प्रेम संबंधों का विरोध कर रही थी। यही बात बेटी को अंदर ही अंदर खल रही थी और धीरे-धीरे यह नाराजगी नफरत में बदल गई। आरोप है कि इसी नफरत में अंधी होकर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। पिछले साल मई 2025 में दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
हत्या के बाद जो हुआ, वह और भी ज्यादा डरावना है। आरोपियों ने शव को घर के अंदर ही छिपा दिया और उसी घर में सामान्य जिंदगी जीते रहे। बाहर की दुनिया के सामने बेटी ने यह दिखाया कि उसकी मां अचानक लापता हो गई है। उसने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई, जिससे किसी को उस पर शक न हो। करीब एक साल तक यह खौफनाक राज दीवारों के पीछे छिपा रहा और आस-पड़ोस के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
समय बीतने के साथ जब महिला का कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को शक हुआ। जांच का दायरा बढ़ाया गया और जब कड़ियों को जोड़ा गया, तो मामला धीरे-धीरे खुलने लगा। आखिरकार पुलिस जब घर पहुंची और तलाशी ली, तो वहां का नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया। घर के अंदर से शव के अवशेष बरामद हुए, जिसके बाद तुरंत आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है। पड़ोसी भी इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे कि उनके पास रहने वाली लड़की इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दे सकती है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस बात की जांच में जुटी है कि हत्या को किस तरह अंजाम दिया गया और इस दौरान कौन-कौन से सबूत छिपाए गए।









