झारखंड में बड़ा प्रशासनिक बदलाव: पलामू को मिला नया कमिश्नर, अंजनी कुमार मिश्रा को अतिरिक्त प्रभार!
Major administrative change in Jharkhand: Palamu gets new commissioner, Anjani Kumar Mishra gets additional charge!

पलामू (झारखंड) : झारखंड सरकार ने IAS अधिकारी अंजनी कुमार मिश्रा को पलामू कमिश्नर पद का एक महीने का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। यह पद 31 जनवरी 2025 से रिक्त था और फरवरी से प्रमंडलीय प्रशासन के सुचारू संचालन में बाधा आ रही थी। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है।
दक्षिण छोटानागपुर के कमिश्नर हैं अंजनी कुमार मिश्रा
अंजनी कुमार मिश्रा, 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं, जो वर्तमान में दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडल के कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं। अब उन्हें पलामू प्रमंडल का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। गुरुवार को उन्होंने पलामू कमिश्नर पद का विधिवत योगदान दिया। इस अवसर पर पलामू जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गौरव के साथ सलामी दी गई।
पलामू प्रमंडल के विकास कार्यों पर पड़ा था असर
पलामू कमिश्नर का पद तीन जिलों पलामू, गढ़वा और लातेहार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। लंबे समय से पद खाली रहने के कारण विकास योजनाओं और प्रशासनिक निगरानी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा था। कमिश्नर स्तर के अधिकारी की अनुपस्थिति में नीति निर्धारण, समीक्षा और कार्यान्वयन में भी बाधाएं उत्पन्न हो रही थीं।
पहली बार नोटिफिकेशन में स्पष्ट रूप से एक महीने की तैनाती
यह पहली बार है कि झारखंड सरकार ने किसी प्रमंडलीय पद के लिए केवल एक महीने की अवधि के लिए तैनाती का स्पष्ट उल्लेख करते हुए अधिसूचना जारी की है। इससे पूर्व, कई अवसरों पर अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार तो मिला, लेकिन तैनाती की अवधि को लेकर कोई स्पष्टता नहीं होती थी।