धनबाद। साइबर अपराध विशेषज्ञ एवं बाम्‍बे हाईकोर्ट में बतौर क्रिमिनल लायर पिछले 12 वर्षों से वकालत कर रहीं धनबाद की स्नेहा सिंह के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। स्नेहा सिंह को प्रतिष्ठित फेमिना मैग्जीन के कवर पेज पर जगह मिली है। इसके साथ ही मैग्जीन के अंदर विस्तार से स्नेहा की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है। स्नेहा अधिवक्ता के साथ-साथ माडल एवं प्लेबैक सिंगर भी हैं। पिछले वर्ष ही उनका म्यूजिक एलबम लिहाज ने धूम मचाया था। स्नेहा ने इसमें गायन के साथ अभिनय भी किया।

इतना ही नहीं, साल 2021 में स्नेहा की शार्ट फिल्म साइलेंट इको का प्रीमियर यूएस में हुआ था। इससे पहले भी वह तीन लघु फिल्म का निर्माण कर चुकी हैं। 2021 में ही अभिनेता अध्ययन सुमन के साथ अभिनीत लघु फिल्म लव बडर्स को फिल्मफेयर में नामिनेट भी किया गया था।

झाड़ूडीह निवासी स्नेहा ने अपनी स्कूली शिक्षा कार्मल स्कूल धनबाद, बीएलएस-एलएलबी मुंबई विश्वविद्यालय और मास्टर्स (एलएलएम) कार्डिफ यूनिवर्सिटी यूके से की है। वह पिछले 12 वर्षों से मुंबई उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस कर रही हैं।

मुंबई पुलिस, हिमाचल पुलिस, दार्जिलिंग पुलिस समेत अन्य राज्यों की पुलिस को साइबर अपराध से संबंधित कानूनी पाठ पढ़ाने के लिए समय-समय पर सेमिनार करती रहती हैं। स्नेहा रूहानियत फाउंडेशन से भी जुड़ी हुई हैं। यह महिला सशक्तीकरण, महिलाओं के कानूनी अधिकार, बच्चों के अधिकार पर काम कर रहा है। वह कई बालीवुड अभिनेता-अभिनेत्री और महत्वपूर्ण व्यक्तियाें का केस लड़ चुकी हैं।

स्नेहा ने बताया कि लाकडाउन ने काफी कुछ बदल दिया। खुद के लिए समय मिला। वो चीजें याद आ गईं, जो मैंने खुद से करने का वादा किया था। इस सूची में सबसे ऊपर गायन था। दादाजी जी का सपना था कि वह कानूनी पेशा में करियर बनाएं। नवी मुंबई के डीवाइ पाटिल कालेज में ला कोर्स में दाखिला लिया।बैचलर आफ लीगल साइंस एंड बैचलर आफ लेजिस्लेटिव ला (बीएलएस-एलएलबी) के बाद कार्डिफ यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की। इस बीच गायन कभी बंद नहीं हुआ। लाकडाउन के दौरान एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के दोस्तों से मिली और गायन में भी किस्मत चमक गई।

हर खबर आप तक सबसे सच्ची और सबसे पक्की पहुंचे। ब्रेकिंग खबरें, फिर चाहे वो राजनीति...