कोडरमा: दूसरी पत्नी के अफेयर से था परेशान, दे दी दर्दनाक मौत

कोडरमा: कोडरमा थाना अंतर्गत कोलटेक्स के समीप एक पति ने अपनी दूसरी पत्नी की हत्या की दी. हत्या का कारण अवैध संबंध बताया जा रहा है. मृतका की पहचान 40 वर्षीय सरिता देवी पति भीमलाल पंडित के रूप में हुई है. घटना बुधवार 15 मार्च, 2023 की है. मामले को लेकर आरोपी पति भीमलाल पंडित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुरनानगर निवासी भीमलाल पंडित वर्तमान में दूधिमाटी कोलटेक्स के समीप अपनी दो पत्नियों और बच्चों के साथ रहता है. दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर लड़ाई-झगड़ा होते रहता था. झगड़े के कारण मृतका सरिता देवी अपने मायके सरमाटांड़ चली गयी. बुधवार की सुबह ही वापस ससुराल लौटी थी। यहां आते ही फिर पति-पत्नी में झगड़ा शुरू हो गया. इसके बाद पति ने चाकू से अपनी पत्नी सरिता देवी की गला रेतकर हत्या कर दी।
आरोपी पति भीमलाल पंडित ने बताया कि उसकी पहली पत्नी सावित्री देवी से कोई बच्चा नहीं होने के कारण सरिता देवी से वर्ष 2010 में शादी किया. इससे दो लड़की और एक लड़का है. लेकिन, पिछले 10 साल से उसका दूसरे व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था. कई बार इसका विरोध करने पर भी वह नहीं मानी. इसको लेकर हमेशा झगड़ा होता था. पति ने कहा कि बार-बार मना करने के बावजूद वह नहीं मानी, बल्कि उल्टे मुझे मरवा देने की धमकी देती थी. इसी से तंग आकर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी.









