Kangana Ranaut: कंगना रनौत ने इंदिरा गांधी की पोते-पोती को दिया ‘इमरजेंसी’ का निमंत्रण, राहुल गांधी पर कसा तंज

Kangana Ranaut: बॉलीवुड एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत अपनी आगामी फिल्म ‘इमरजेंसी’ के प्रमोशन के दौरान फिर से चर्चा में हैं. यह फिल्म पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन और 1975 से 1977 तक देश में लागू किए गए आपातकाल के घटनाक्रम पर आधारित है.
एक इंटरव्यू के दौरान कंगना ने प्रियंका गांधी से संसद में हुई अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए कहा, ‘प्रियंका गांधी काफी विनम्र और समझदार हैं. उन्होंने मुस्कुराते हुए मुझसे बातचीत की. मुझे उनसे बात करना बहुत अच्छा लगा. वह निश्चित रूप से जानती हैं कि वह किस बारे में बात कर रही हैं.’
कंगना ने राहुल गांधी पर तंज
वहीं, कंगना ने राहुल गांधी के व्यवहार को लेकर अपनी निराशा जाहिर की. उन्होंने कहा, ‘उनके पास बहुत शिष्टाचार नहीं है. उन्होंने मेरी तरफ देखा और मुस्कुराया, लेकिन उनके व्यवहार में वह गरिमा नहीं दिखी.’ इसके बावजूद, कंगना ने राहुल गांधी को फिल्म देखने के लिए आमंत्रित किया.
फिल्म ‘इमरजेंसी’ की कहानी
कंगना रनौत की डायरेक्टेड और अभिनीत एक राजनीतिक ड्रामा ‘इमरजेंसी’ है. जिसमें वह इंदिरा गांधी का किरदार निभा रही हैं. फिल्म की कहानी इंदिरा गांधी पर लगाए गए आपातकाल और उस समय की राजनीतिक और सामाजिक उथल-पुथल पर केंद्रित है. इस फिल्म में अनुपम खेर, श्रेयस तलपड़े, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमन, और दिवंगत सतीश कौशिक जैसे कलाकार अहम किरदार निभा रहे हैं.
इससे पहले, अपने इंटरव्यू में कंगना ने कहा था, ‘यह विषय बहुत संवेदनशील है. मैंने श्रीमती गांधी के किरदार को गरिमा के साथ निभाने का पूरा ध्यान रखा है.’ फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से यू/ए प्रमाणपत्र मिला है.
फिल्म की रिलीज डेट
‘इमरजेंसी’ 17 जनवरी, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. कंगना रनौत की यह फिल्म न केवल राजनीतिक घटनाओं को लेकर बहस छेड़ेगी, बल्कि उनके राहुल और प्रियंका गांधी के प्रति विचार भी चर्चा का विषय बन गए हैं. अब देखना यह होगा कि ‘इमरजेंसी’ दर्शकों और आलोचकों की अपेक्षाओं पर कितना खरी उतरती है.









