JSSC CGL रिजल्ट ब्रेकिंग : 1,932 अभ्यर्थियों का चयन, परिणाम घोषित…देखें पूरी सूची और पाएं खुशखबरी

JSSC CGL Result Breaking: 1,932 candidates selected, results declared...see full list and get the good news

झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने JSSC CGL परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. आयोग ने आधिकारिक वेबसाइट https://jssc.jharkhand.gov.in/ पर चयनित उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी कर दी है. कुल 1932 उम्मीदवारों का चयन अंतिम मेधा सूची में किया गया है. गौरतलब है कि जेएसएससी ने सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, कनीय सचिवालय सहायक, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, प्लानिंग असिस्टेंट और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी जैसे पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन किया था.

दिलचस्प तथ्य यह है कि इस परीक्षा का विज्ञापन 2016 में ही आया था लेकिन कभी नियमावली बदली तो कभी सरकार बदली. कभी पेपर लीक हुआ तो कभी पेपर लीक के आरोप लगे. कभी अपरिहार्य कारणों से परीक्षा स्थगित होती रही और आखिरकार 9 साल के लंबे इंतजार के बाद जेएसएससी सीजीएल परीक्षा की प्रक्रिया पूरी हो पाई है. आयोग ने जानकारी दी है कि 10 अभ्यर्थियों का रिजल्ट एसआईटी की जांच पूरी होने तक लंबित रहेगा.

दरअसल, बीते मंगलवार को हाईकोर्ट ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा की सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका खारिज करते हुए जेएसएससी को रिजल्ट जारी करने का निर्देश दिया था. पिछले साल से ही रिजल्ट पर रोक लगी थी. परीक्षा का आयोजन 21 और 22 सितंबर 2024 को हुआ था.

सहायक प्रशाखा पदाधिकारी समेत इन पदों पर हुआ चयन
जेएसएससी सीजीएल की परीक्षा में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर 847 उम्मीदवारों का चयन हुआ है. कनीय सचिवालय सहायक के 293, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के 170, प्लानिंग असिस्टेंट के 04, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के 191, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के 248 और अंचल निरीक्षक सह कानूनगो के 178 उम्मीदवारों का चयन किया गया है.

हाईकोर्ट का फैसला आने के बाद सीजीएल के अभ्यर्थियों ने ढोल नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री आवास जाकर जश्न मनाया था. इस मौके पर अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन से भी मुलाकात की थी. यहां अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि परीक्षा और रोजगार को बाधित करने की तमाम कोशिशों और षड्यंत्रों के बावजूद हमारी आबुआ सरकार झारखंड के नौजवानों का सरकारी नौकरी का सपना पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और हम इसे जरूर अंजाम तक पहुंचाएंगे.

उन्होंने कहा कि पहले 19 साल में जेपीएससी सिविल सेवा की केवल 4 परीक्षाओं का आयोजन किया गय था लेकिन हमारे कार्यकाल के 6 वर्षों में जेपीएससी सिविल सेवा की 7 परीक्षाओं का आयोजन किया गया.

28 नवंबर को 8 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
हाल ही में 28 नवंबर को हेमंत सरकार 2.0 के दूसरे कार्यकाल का 1 साल पूरा होने पर रांची के मोरहाबादी मैदान में 8,514 उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र दिया गया जिनमें 8000 सहायक आचार्य, 11वीं जेपीएससी सिविल सेवा और दंत चिकित्सक शामिल थे.

2016 में विज्ञापन जारी होने के 8 साल बाद ली गई थी परीक्षा
गौरतलब है कि जेएसएससी सीजीएल की लिखित परीक्षा का आयोजन 2016 में इसका विज्ञापन जारी होने के 8 साल बाद जनवरी-फरवरी 2024 में आयोजित किया गया था. 28 जनवरी 2024 को परीक्षा ली गई जिसमें पेपर लीक हो गया. सरकार ने परीक्षा को रद्द कर दिया. इसके बाद सितंबर 2024 में परीक्षा का आयोजन किया गया. इस परीक्षा में भी पेपर लीक के आरोप लगे. मामले की सीबीआई जांच के लिए हाईकोर्ट में याचिका भी डाली गई थी. इसकी सुनवाई पूरी होने तक हाईकोर्ट ने रिजल्ट प्रकाशन पर रोक लगा दी थी.

झारखंड हाईकोर्ट ने 17 दिसंबर 2024 को रिजल्ट पर रोक लगाई
हाईकोर्ट ने 17 दिसंबर 2024 को सीजीएल के रिजल्ट के प्रकाशन पर रोक लगाई थी और 3 दिसंबर 2025 को सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका खारिज करते हुए आयोग को रिजल्ट प्रकाशित करने का आदेश दिया था. हाईकोर्ट ने कहा कि पेपर लीक के साक्ष्य नहीं मिले हैं. कोर्ट ने कहा कि जो प्रश्न पत्र सोशल मीडिया में वायरल हुए वह केवल पिछले वर्षों के क्वेश्चन पेपर थे जिनका सीजीएल परीक्षा से संबंध नहीं पाया गया.

Related Articles