JSSC-CGL पेपर लीक मामला: CBI जांच की मांग पर 26 जून को नहीं, बल्कि 18 जून को ही आया था फैसला, जानिए क्या है अपडेट
JSSC-CGL paper leak case: The decision on the demand for CBI investigation was not taken on June 26, but on June 18, know what is the update

झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच सीबीआई करेगी या नहीं इसका फैसला आने में वक्त लगेगा.
बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट में सीजीएल परीक्षा में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर आंशिक सुनवाई हुई जहां राज्य सरकार ने और वक्त की मांग की. अदालत ने सरकार की मांग को स्वीकार करते हुए सरकार को जवाब देने के लिए 1 हफ्ते का वक्त दिया है. मामले की अगली सुनवाई 26 जून को होगी.
गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में सरकार ने कोर्ट को बताया था कि इस केस में कई आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और सीआईडी की जांच अंतिम चरण में है. सरकार ने कहा था कि सीआईडी जल्द ही अपनी जांच पूरी कर लेगी और अब तक की जांच में पेपर लीक के सबूत नहीं मिले हैं.
दिसंबर 2024 में हाईकोर्ट ने रिजल्ट पर लगाई थी रोक
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में झारखंड हाईकोर्ट ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के रिजल्ट पर रोक लगा दी थी. बुधवार को सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने रिजल्ट पर रोक को बरकरार रखा है.
अब अगली सुनवाई 26 जून को होगी. इस केस में राज्य सरकार की तरफ से अधिवक्ता पीयूष चित्रकार ने बहस की तो वहीं जेएसएससी का पक्ष संजॉय पिपरवाल ने रखा. प्रार्थियों की तरफ से अधिवक्ता अजीत कुमार ने बहस की.
अब 26 जून को ही तय होगा कि मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जायेगी या सीआईडी की जांच करेगी.
21-22 सितंबर 2024 को हुई थी सीजीएल की परीक्षा
झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने 21-22 सितंबर को सीजीएल की परीक्षा ली थी. अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि पेपर लीक हुआ है. सरकार ने सीआईडी को मामले की जांच सौंप दी.
सीआईडी ने अब तक की जांच के आधार पर यह पाया है कि पेपर लीक के नाम पर कई अभ्यर्थियों से लाखों रुपये की वसूली की गयी थी लेकिन एजेंसी का कहना है कि अभी तक पेपर लीक के सबूत नहीं मिले हैं.
हाल ही में सीआईडी ने विशेष अदालत में 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट फाइल की है. इस केस में आईआरबी के 7 जवान और असम राइफल्स के 1 जवान की भी गिरफ्तारी हुई थी. हाल में सीआईडी ने बताया कि रेलवे का इंजीनियर भी इस कांड में शामिल था.









