झारखंड : गढ़वा में गडकरी के कार्यक्रम पर झामुमो का हमला, सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया “राजनीतिक दिखावा”
Jharkhand: JMM attacks Gadkari's program in Garhwa, Supriyo Bhattacharya calls it "political showoff"

रांची। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की गढ़वा यात्रा और उद्घाटन कार्यक्रमों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने तीखा हमला बोला है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गडकरी के कार्यक्रम को “राजनीतिक दिखावा” करार दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें से कई पर पहले से काम चल रहा था और कुछ स्थानों पर टोल टैक्स की वसूली भी पहले से ही शुरू हो चुकी थी। ऐसे में इनका उद्घाटन महज एक औपचारिकता और जनभावना को भ्रमित करने का प्रयास है।
गढ़वा गडकरी उद्घाटन विवाद को और गहरा करते हुए भट्टाचार्य ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा घोषित परियोजना लागत और वास्तविक खर्च में भारी अंतर है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एक परियोजना को गडकरी ने ₹400 करोड़ का बताया, जबकि उसका असल खर्च ₹558 करोड़ है। उन्होंने सवाल उठाया कि ₹158 करोड़ का अतिरिक्त खर्च किसके सिर मढ़ा जाएगा?
सुप्रियो ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का भी हवाला दिया, जैसे मेकॉन फ्लाईओवर ₹355 करोड़ में और कांटाटोली फ्लाईओवर ₹224 करोड़ में बनकर तैयार हुए हैं, जो पारदर्शिता और दक्षता का उदाहरण हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा कार्यक्रम स्थगित करने के अनुरोध को नजरअंदाज कर दिया गया। साथ ही मंच पर भाजपा नेताओं को स्थान देना और क्षेत्रीय विधायक को दरकिनार करना, इस बात का संकेत है कि भाजपा विकास की आड़ में राजनीतिक एजेंडा चला रही है।