झारखंड : बिना OTP और बिना लिंक क्लिक किए खाली हो गया बैंक खाता, रांची में ‘चेक क्लोनिंग’ का बड़ा खुलासा

Bank account emptied without OTP or clicking any link; major 'check cloning' scam uncovered in Ranchi.

रांची में डोरंडा निवासी व्यवसायी दिनेश कुमार अग्रवाल के बैंक खाते से चेक क्लोन के माध्यम से 9,98,800 रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। शुक्रवार को व्यवसायी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

दिनेश कुमार अग्रवाल का खाता इंडियन बैंक, अल्बर्ट एक्का चौक स्थित शाखा में है और वह फ्रेंड्स ऑटो केयर के नाम से संचालित होता है। नियमित खाते की जांच के दौरान उन्हें राशि में बड़ा अंतर दिखाई दिया। इसके अलावा, खाते से लिंक मोबाइल नंबर की इनकमिंग और आउटगोइंग सेवाएं बंद होने की वजह से संदिग्ध लेनदेन छुपा रहा। उन्होंने मोबाइल नंबर को पुनः केवाईसी कर सक्रिय कराया, तभी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

जांच में पता चला कि चेक के माध्यम से 9,98,800 रुपये रोहित वर्मा के नाम पर सॉल्ट लेक रोड स्थित केनरा बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। बैंक अधिकारियों के संपर्क में आने के बाद उक्त खाते को फ्रीज किया गया, लेकिन इससे पहले एटीएम के माध्यम से 39,000 रुपये की निकासी हो चुकी थी।

दिनेश कुमार के अनुसार, जिस चेक के जरिए रकम ट्रांसफर की गई, वह अभी भी उनके पास सुरक्षित है। प्रारंभिक जांच में यह संदेह जताया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने चेक का क्लोन तैयार कर फर्जी हस्ताक्षर करके यह धोखाधड़ी अंजाम दी।

पुलिस ने तकनीकी शाखा के साथ मिलकर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस मामले से जुड़े अन्य लिंक भी तलाशे जा रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी धोखाधड़ी को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close